Anil Tiger कौन थे, जिनकी हत्या के बाद झारखंड में बवाल, बीजेपी के रांची बंद के दौरान कई जगहों पर आगजनी
पूर्व जिला परिषद सदस्य और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य टाइगर अनिल महतो की रांची के कांके चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। हत्या के विरोध में भाजपा, आजसू और जदयू ने गुरुवार को रांची बंद का आह्वान किया था, जिसके समर्थक सुबह से ही सड़कों पर उतर आए थे।
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दीं और टायर जलाकर विरोध जताया
बंद समर्थकों ने कांके क्षेत्र में सड़कें अवरूद्ध कर दीं और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दिनदहाड़े एक जननेता की हत्या पुलिस प्रशासन की बड़ी विफलता को दर्शाती है। लोगों ने आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग की तथा चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कांके के उप प्रमुख अजय बैठा ने कहा कि अनिल महतो एक मिलनसार व्यक्ति थे, जो ग्रामीणों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे। उनकी हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों को जल्द से जल्द सजा देने की मांग की।
हत्या कैसे की गई?
आपको बता दें कि बुधवार को जब टाइगर अनिल महतो कांके चौक स्थित एक होटल में चाय पी रहे थे, उसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस मामले में पुलिस ने रिंग रोड के पास से एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
रांची विधायक सीपी सिंह ने पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल
रांची विधायक सीपी सिंह ने हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजधानी में अपराधियों का मनोबल ऊंचा है। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत के कारण अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस को एक ऐसी संस्था बताया जो केवल बयान देती है और अपराध को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है।