दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या, अब राजधानी रांची में फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क पर आगजनी
झारखंड की राजधानी रांची में पूर्व जिला परिषद सदस्य और साहा-महावीर मंडल अध्यक्ष टाइगर अनिल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने इस वारदात को राजधानी रांची के चर्चित कांके चौक पर अंजाम दिया। अनिल महतो एक चाय की दुकान पर खड़े थे तभी बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व जिला परिषद सदस्य, कांके महावीर मंडल अध्यक्ष सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य टाइगर अनिल महतो बुधवार को कांके चौक पर अपने सामान्य कार्य में व्यस्त थे। इसी बीच, साइकिल सवार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में महतो के सिर में गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। दिन में हुई गोलीबारी से इलाके में भय का माहौल है। गोली लगते ही महतो जमीन पर गिर पड़े और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।