अब राजधानी जयपुर में एक ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगे ई-रिक्शा! ट्रैकिंग के लिए लॉन्च होगा ऐप, मैजिक टैम्पो के परमिट होंगे रद्द
जयपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए आरटीओ प्रथम कार्यालय ने कई बड़े प्रस्ताव तैयार कर यातायात नियंत्रण मंडल (टीसीबी) को भेजे हैं। यातायात नियंत्रण मंडल की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी भी मिल गई है। अब शहर में चल रहे पुराने आठ से दस सीटर थ्री व्हीलर मैजिक टेंपो के परमिट बंद कर दिए जाएंगे। शहर में ई-रिक्शा को नियंत्रित करने और उन पर नजर रखने के लिए दो महीने में मोबाइल एप भी तैयार किया जा रहा है।
आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने आज सभी प्रस्तावों की जानकारी देते हुए बताया- शहर में निजी भारी बसों का संचालन बंद करने के लिए अब सिर्फ 32 सीटर मिनी बसों को ही परमिट दिए जाएंगे। इससे न सिर्फ सड़कों पर दबाव कम होगा, बल्कि लोगों को छोटे रूटों पर बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। सिटी बसों के परमिट का झंझट खत्म, सभी रूटों पर मिलेंगे नए परमिट शेखावत ने कहा- अभी तक शहर में सिटी बसों के परमिट को लेकर कई सीमाएं थीं, जिसके चलते नए रूटों पर बसें नहीं चल पाती थीं। अब सभी रूटों पर परमिट बढ़ाने का प्रस्ताव टीसीबी ने पास कर दिया है। इससे आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
अब सिर्फ चार पहिया मैजिक ही चलेंगे
शहर में चल रहे पुराने 8 से 10 सीटर थ्री व्हीलर मैजिक टेंपो के परमिट अब निरस्त कर दिए जाएंगे। इनकी जगह सिर्फ चार पहिया मैजिक वाहन ही चल सकेंगे। भीड़भाड़ कम करने और सुरक्षित यातायात के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
10 नए रूटों पर चलेंगे 500 मैजिक टेंपो
हीरापुरा बस स्टैंड से शुरू किए गए 10 रूटों पर अब 500 मैजिक टेंपो चलेंगे। एक समय में इनकी कुल यात्री क्षमता करीब 5000 होगी।
नारायण सिंह सर्किल बना नो पार्किंग जोन, बस स्टॉपेज भी हटाया
आरटीओ राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- यातायात नियंत्रण बोर्ड की मंजूरी के बाद नारायण सिंह सर्किल को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है। अब यहां कोई बस नहीं रुकेगी। पहले यहां से चलने वाली बसों को ट्रांसपोर्ट नगर और बजरी मंडी के पास बनाए गए स्टॉपेज पर शिफ्ट कर दिया गया है। अगर कोई बस इस क्षेत्र में रुकती है तो उसका चालान किया जाएगा।यह निर्णय यातायात दबाव को कम करने और सर्किल के आसपास सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए लिया गया है। आरटीओ की टीम यातायात पुलिस के साथ मिलकर शहर के संवेदनशील यातायात बिंदुओं पर लगातार नजर रख रही है।