Samachar Nama
×

नासिक में पर्यटक परिवार पर हमला: बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर 20 किमी तक पीछा, फुटेज में देंखे कार में तोड़फोड़; 8 आरोपी गिरफ्तार

नासिक में पर्यटक परिवार पर हमला: बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर 20 किमी तक पीछा, फुटेज में देंखे कार में तोड़फोड़; 8 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नासिक जिले से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है। यहां घूमने आए एक पर्यटक परिवार पर कथित मनचलों ने उस समय हमला कर दिया, जब परिवार ने अपनी बेटी से छेड़छाड़ का विरोध किया। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार की कार का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और रास्ते में लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और बेसबॉल स्टिक से जानलेवा हमला कर कार में जमकर तोड़फोड़ की।

यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहा। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी

पीड़ित परिवार के मुताबिक, वे नासिक के पर्यटन स्थल पर घूमने गए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने परिवार की एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो 8 से 10 युवकों ने उन्हें घेर लिया और धमकाने लगे।स्थिति बिगड़ती देख परिवार कार में बैठकर वहां से निकल गया, लेकिन आरोपी बाइक पर सवार होकर उनके पीछे लग गए।

20 किलोमीटर तक पीछा, बीच रास्ते में हमला

परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने नेशनल हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर तक उनका पीछा किया। रास्ते में कई स्थानों पर कार को रोकने की कोशिश की गई और बाद में लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा बेसबॉल स्टिक से हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।पीड़ितों का कहना है कि हमले के दौरान उनकी जान पर बन आई थी और किसी तरह वे वहां से निकलने में सफल हुए।

टोल प्लाजा और पुलिस मौजूद, फिर भी नहीं मिली मदद

परिवार ने आरोप लगाया कि पूरे रास्ते में टोल प्लाजा, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और राजमार्ग पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उन्हें समय पर कोई मदद नहीं मिली। इसको लेकर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने छेड़छाड़, लूट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पर्यटकों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद क्षेत्र में आने वाले अन्य पर्यटकों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मानसून के दौरान भवाली वाटरफॉल और डैम क्षेत्र में हजारों पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन यहां स्थानीय असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है।कुछ पर्यटकों का आरोप है कि महिलाओं से छेड़छाड़, पर्यटकों को धमकाना और मारपीट जैसी घटनाएं यहां आम होती जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।इस घटना ने नासिक के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई और प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के कदमों पर टिकी है।

Share this story

Tags