Samachar Nama
×

महाराष्ट्र तट पर पाकिस्तान से आई संदिग्ध नाव दिखने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की

महाराष्ट्र तट पर पाकिस्तान से आई संदिग्ध नाव दिखने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रेवदंडा तट के पास एक संदिग्ध नाव, "संभवतः एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव" देखी गई, जिसके बाद पुलिस और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को अपनी तलाशी और जांच तेज कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नाव को कोरलाई तट से दो समुद्री मील दूर देखा गया

एक अधिकारी ने बताया कि नाव को भारतीय नौसेना के रडार पर रविवार रात को कोरलाई तट से लगभग दो समुद्री मील दूर रेवदंडा में देखा गया। अधिकारी ने बताया कि यह "संभवतः एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव" थी, लेकिन नाव को रोके जाने के बाद इसकी पहचान और अन्य विवरण का पता लगाया जाएगा।

नाव के रायगढ़ तट की ओर बहने का संदेह

एक अधिकारी ने पहले बताया था कि प्रथम दृष्टया नाव के रायगढ़ तट की ओर बहने का संदेह है। नाव के देखे जाने के बाद रायगढ़ में तटरेखा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्होंने बताया कि अलर्ट के बाद रायगढ़ पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस), क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), नौसेना और तटरक्षक बल के जवान रात में ही मौके पर पहुंचे और तलाशी शुरू की।

भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण रात में नाव तक पहुंचने के प्रयास बाधित हुए। अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति की निगरानी के लिए तट पर पहुंच गई थीं। अधिकारी ने बताया कि दलाल ने खुद नाव के पास जाने की कोशिश की, लेकिन खब मौसम के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।

इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

नवंबर 2008 में, भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादी अंधेरे की आड़ में पाकिस्तान से मुंबई तट की ओर आए और राज्य की राजधानी में तीन दिनों तक उत्पात मचाया, जिसमें 166 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।

Share this story

Tags