महाराष्ट्र पहाड़ी हादसे में नया खुलासा, वीडियो में जाने आईफोन के लिए जान देने की बात से परिवार ने किया इनकार; रिश्तों में तनाव की बात आई सामने
महाराष्ट्र के पहाड़ी हादसे में पिता, मां और बेटे की मौत को लेकर नया खुलासा सामने आया है। शुरुआती जानकारी में दावा किया जा रहा था कि बेटे कुणाल ने आईफोन को लेकर हुए विवाद के बाद यह खौफनाक कदम उठाया था। हालांकि, अब परिवार ने इन दावों को गलत बताया है। कुल की मौसी पल्लवी ने साफ कहा है कि यह घटना मोबाइल फोन या आईफोन से जुड़ी नहीं थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना सच्चाई जाने किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। पल्लवी ने कहा कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह लोगों को पता नहीं है, इसलिए गलत जानकारी फैलाना ठीक नहीं है। उन्होंने मोबाइल फोन से जुड़ी बातों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि परिवार इस समय बेहद दुखद स्थिति से गुजर रहा है और ऐसी अफवाहों से उनकी परेशानी और बढ़ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार से मिली जानकारी में सामने आया है कि कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता साथ रहें। बताया जा रहा है कि माता-पिता के रिश्तों में पहले से तनाव था। हालांकि, दोनों के बीच तलाक हुआ था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इस मामले में पुलिस ने भी पारिवारिक विवाद की ओर संकेत किया है। DCP पंकज अतुलकर ने बताया कि परिवार में पिछले दो से तीन महीनों से विवाद चल रहा था। इसके कारण घर में तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
हादसे में जान गंवाने वाली कुणाल की मां संगीता चांदगुडे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं। घटना से एक दिन पहले यानी 20 अगस्त को उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर रिश्तों और प्यार की अहमियत को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो को लेकर भी अब कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त को महाराष्ट्र में हुए इस हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी। घटना के बाद शुरुआती तौर पर अलग-अलग कारण सामने आए, जिनमें आईफोन को लेकर विवाद की बात भी शामिल थी। लेकिन परिवार के बयान और पुलिस जांच के बाद मामला अब पारिवारिक तनाव और रिश्तों से जुड़े पहलुओं की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों के बयान, मोबाइल रिकॉर्ड और घटना से जुड़े अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर परिवारों में बढ़ते तनाव और आपसी संवाद की कमी जैसे मुद्दों को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

