भीषण गर्मी की चपेट में देश के कई राज्य, 46 डिग्री पहुंचा पारा; फुटेज में देखें जंगल सफारी में जानवरों के लिए लगाए गए AC और कूलर
देश के कई हिस्सों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पश्चिम भारत से लेकर उत्तर और मध्य भारत तक भीषण लू और तेज गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र-विदर्भ, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत करीब 8 राज्य इन दिनों प्रचंड गर्मी की चपेट में हैं। अधिकांश इलाकों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जबकि दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं।
शनिवार को महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा देश के सबसे गर्म शहर दर्ज किए गए। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा, मध्य प्रदेश के नौगांव और खंडवा में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बढ़ते तापमान का असर आम जनजीवन के साथ स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। प्रशासन लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दे रहा है।
भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि जानवरों और पक्षियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गुजरात के एकता नगर में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बनी जंगल सफारी यानी सरदार पटेल जूलॉजिकल पार्क में जानवरों और पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रबंधन की ओर से जानवरों के बाड़ों में AC, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके। इसके अलावा उन्हें ठंडे फल, पानी और विशेष आहार भी दिया जा रहा है। पार्क प्रशासन का कहना है कि बढ़ते तापमान को देखते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गर्मी के कारण बिजली और पानी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। कई शहरों में बिजली की खपत रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और बिना जरूरत धूप में बाहर न निकलने की अपील की है।
देशभर में पड़ रही इस भीषण गर्मी ने मई महीने में ही जून जैसी स्थिति पैदा कर दी है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका के बीच लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

