Ganeshotsav 2026: गणेश भक्तों के लिए 17 दिन टोल फ्री सफर, जानें रूट और पास लेने का तरीका
गणेशोत्सव 2026 के दौरान कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक कोंकण की ओर जाने वाले वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने का फैसला किया है। यह सुविधा गणेशोत्सव के लिए अपने पैतृक गांव जाने वाले लाखों लोगों को ध्यान में रखते हुए दी गई है। खास बात यह है कि टोल छूट का लाभ लेने के लिए वाहन पर विशेष 'Ganeshotsav 2026 Konkan Darshan' पास या स्टिकर लगाना होगा।
किन रूटों पर मिलेगी टोल में छूट?
सरकार के फैसले के मुताबिक 11 से 27 सितंबर तक कोंकण की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर टोल माफ रहेगा। इनमें प्रमुख रूप से:
- मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48)
- मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (NH-66)
- अटल सेतु (सेवरी-न्हावा शेवा)
- कोंकण की ओर जाने वाले संबंधित PWD और MSRDC के मार्ग
शामिल हैं। अटल सेतु से कोंकण की ओर जाने वाले वाहन भी इस टोल छूट के दायरे में रहेंगे।
टोल फ्री सफर के लिए पास जरूरी
टोल छूट का लाभ लेने के लिए गणेश भक्तों को 'Ganeshotsav 2026 Konkan Darshan' लिखा हुआ विशेष स्टिकर/पास लेना होगा। इस पास पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चालक का नाम दर्ज किया जाएगा। पास को वाहन की सामने वाली विंडस्क्रीन पर स्पष्ट रूप से लगाना होगा, ताकि टोल प्लाजा पर वाहन की पहचान आसानी से हो सके।
पास या स्टिकर कहां से मिलेगा?
सरकार ने पास उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को जिम्मेदारी दी है। गणेश भक्त अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन, ट्रैफिक पुलिस चौकी या RTO कार्यालय से यह विशेष पास प्राप्त कर सकते हैं। पास जारी करने के लिए वाहन की जानकारी और यात्रा से संबंधित विवरण देना होगा।
वापसी के सफर में भी मान्य होगा पास
इस टोल छूट की एक खास बात यह है कि विशेष पास सिर्फ कोंकण जाने के लिए ही नहीं, बल्कि वापसी की यात्रा के लिए भी मान्य रहेगा। यानी गणेशोत्सव के बाद अपने शहर लौटने वाले श्रद्धालु भी तय अवधि के भीतर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
ST बसों को भी मिलेगी छूट
टोल माफी का लाभ सिर्फ निजी वाहनों तक सीमित नहीं है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की कोंकण जाने वाली बसों को भी इस अवधि में टोल छूट दी जाएगी। गणेशोत्सव के दौरान मुंबई, ठाणे, पुणे और महाराष्ट्र के दूसरे हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग कोंकण पहुंचते हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से यात्रियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ टोल प्लाजा पर व्यवस्था सुचारु रखने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
गणेशोत्सव 2026 की शुरुआत 14 सितंबर से हो रही है और इससे पहले ही कोंकण जाने वाले लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। ऐसे में 11 से 27 सितंबर तक की टोल छूट चाकरमानियों के लिए अहम राहत मानी जा रही है।

