देशभर में बारिश का कहर: महाराष्ट्र से गुजरात तक बाढ़ जैसे हालात, फुटेज में देंखे सूरत में टूटा 85 साल पुराना रिकॉर्ड; कई शहर जलमग्न
देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियां उफान पर हैं, सड़कें पानी में डूब गई हैं और कई जगहों पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। महाराष्ट्र के नासिक, मुंबई और पुणे में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं।
नासिक में पुल और सड़कें बहीं, त्र्यंबकेश्वर मंदिर की यात्रा रोकी गई
महाराष्ट्र के नासिक जिले में भारी बारिश के चलते त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में स्थिति गंभीर हो गई है। यहां दो गांवों को जोड़ने वाला पुल और कई सड़कें पानी के तेज बहाव में बह गईं। यह रास्ता त्र्यंबकेश्वर मंदिर के परिक्रमा मार्ग का हिस्सा भी था।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर श्रद्धालुओं की एंट्री दो दिनों के लिए रोक दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, नासिक में गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई है।
मुंबई और पुणे में भी बारिश से बढ़ी परेशानी
मुंबई और पुणे में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
गुजरात के सूरत में टूटा 85 साल पुराना बारिश का रिकॉर्ड
गुजरात में भी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। सूरत और नवसारी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सूरत में पिछले 36 घंटों के दौरान करीब 19 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे जुलाई 1941 का 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले शहर में जुलाई 1941 में 18 इंच बारिश दर्ज की गई थी।
रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद सूरत शहर पूरी तरह पानी-पानी हो गया है। शहर का शायद ही कोई इलाका बचा हो, जहां जलभराव न हुआ हो। कई सड़कों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला। कई जगह कारें पानी में बहती नजर आईं।
बारिश के कारण एक शॉपिंग मॉल की एक मंजिल तक पानी पहुंच गया। दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। लोगों को घरों से निकलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान के शहरों में सड़कें बनीं नदियां
राजस्थान के जोधपुर समेत कई शहरों में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला है। कई इलाकों में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि वे नदियों जैसी नजर आने लगीं। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
मध्य प्रदेश में पांच मंजिला इमारत गिरी
मध्य प्रदेश के जबलपुर में बारिश के बीच एक पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना सामने आई है। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने मलबे को हटाने और संभावित फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है। लगातार बारिश के चलते लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

