मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, वीडियो में जाने एक ही रनवे पर आमने-सामने आए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर एयर इंडिया के पायलट ने टेकऑफ रोक दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई। बताया जा रहा है कि सिलिगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के बाद अभी पूरी तरह रनवे खाली नहीं कर पाई थी। इसी दौरान दिल्ली के लिए रवाना होने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 उसी रनवे से टेकऑफ की तैयारी कर रही थी।
ATC की सतर्कता से टला हादसा
सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल को स्थिति का पता चला, तुरंत एयर इंडिया के विमान को टेकऑफ रोकने का निर्देश दिया गया। पायलट ने निर्देश मिलते ही टेकऑफ रन बीच में ही रोक दिया, जिससे दोनों विमानों के बीच संभावित टक्कर टल गई।इस त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित रहे।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
घटना पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि सिलिगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट रनवे खाली करने की प्रक्रिया में थी। इसी दौरान दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI816 को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टेकऑफ रोकने का निर्देश मिला।एयरलाइन के अनुसार, क्रू ने तुरंत निर्देशों का पालन किया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस पार्किंग एरिया में ले जाया गया।
विमान की होगी तकनीकी जांच
एयर इंडिया ने बताया कि सुरक्षा मानकों के तहत विमान की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के अनुसार विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी। इसके बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।साथ ही, प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि उन्हें अधिक असुविधा का सामना न करना पड़े।
एविएशन सुरक्षा पर उठे सवाल
हालांकि इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन एक ही रनवे पर दो विमानों के पहुंच जाने की स्थिति ने एयरपोर्ट संचालन और हवाई सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब यह जांच का विषय होगा कि ऐसी स्थिति कैसे बनी और क्या इसमें किसी स्तर पर प्रक्रियागत चूक हुई।फिलहाल संबंधित अधिकारी पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना की वास्तविक वजह क्या थी और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए किन अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है।

