शादी के 18 साल बाद चार बच्चों की मां आधी रात प्रेमी के साथ फरार, बच्चे कर रहे इंतजार
मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक चौंकाने वाला प्रेम प्रसंग सामने आया है। जिले के राहतगढ़ में रहने वाली एक महिला अपने चार बच्चों और पति को छोड़कर आधी रात को अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला का पति भी इस बात से हैरान है कि उसकी पत्नी ने शादी के 18 साल बाद यह कदम उठाया। पीड़ित पति ने गांव के ही एक युवक व अन्य पर उसकी पत्नी को बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का है। जहां चार बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ भाग गई। महिला के पति मनोज पटेल ने बताया कि उसकी शादी करीब 18 साल पहले जरुवाखेड़ा स्थित ठाकुर बाबा मंदिर में पूजा पटेल से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, हमारे चार बच्चे भी हो गये। सबसे बड़ी बेटी 13 साल की है, और उसके बाद 11, 7 और 2 साल के तीन बच्चे हैं।
आधी रात को 12 बजे प्रेमी के साथ भागी महिला
मनोज पटेल ने बताया कि 18 जनवरी की रात करीब 12 बजे उसकी पत्नी पूजा पटेल अपने प्रेमी अनिल पटेल के साथ फरार हो गई। अनिल पटेल उसी गांव का रहने वाला है, वह हमारे घर आता था। इसी कारण उसने पूजा को अपने जाल में फंसाया और उसके साथ भाग गया। इसके अलावा पूजा अपने साथ घर से करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और सारे जेवरात भी ले गई। शिकायतकर्ता मनोज ने आरोप लगाया कि मुगा बाई पटेल, सोनू पटेल, पुरुषोत्तम पटेल और नंदू पटेल ने भी पूजा के अपहरण में अनिल पटेल की मदद की थी। मनोज पटेल ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत राहतगढ़ थाने, एसपी और आईजी से की है। लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है और जांच की जा रही है। महिला और आरोपी के मोबाइल फोन बंद प्रतीत होते हैं। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।