Ajmer में नारी न्याय शक्ति सम्मान कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हुई शामिल, आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा'
राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी नारी न्याय शक्ति सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर अजमेर आईं। पुष्कर रोड स्थित सेंचुरियन स्कूल में प्रियंका चौधरी के नेतृत्व में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सारिका चौधरी ने किया, जहां अतिथियों का स्वागत माला पहनाकर तथा सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए सारिका चौधरी ने कहा कि राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद उन्हें पहली बार गंगा-जमुनी तहजीब की धरती अजमेर आने का अवसर मिला, जिसके लिए वे आयोजकों का आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को और तेज करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
सरकार पर सीधा निशाना
सारिका चौधरी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण पर चुप है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व में जल्द ही जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित कर 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग को और मजबूत किया जाएगा।
महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण बताई गई
इस कार्यक्रम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सारिका चौधरी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से संगठन मजबूत होगा और अपनी आवाज उठाने का अवसर मिलेगा।
सरकार इन मुद्दों से बच रही है।
देश के मौजूदा हालात पर बात करते हुए सारिका चौधरी ने कहा कि सरकार को बेरोजगारी, महिला सशक्तिकरण, किसान और युवा जैसे मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन जनता को असली मुद्दों से गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संसद में जाति आधारित जनगणना और महिला आरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जा रहा है, जिस पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
महिलाओं में जागरूकता पैदा करने की पहल
कार्यक्रम समन्वयक प्रियंका चौधरी ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और अपने अधिकारों के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में नारी न्याय शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग को लेकर यह अभियान जारी रहेगा।