कौन है पाकिस्तान को सरेआम राक्षस बताने वाली अनुपमा सिंह ? दुनिया के सामने आतंकिस्तान को दिखाया आइना
भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 62वें सत्र में पाकिस्तान की आलोचना की है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए, भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने और जम्मू-कश्मीर के बारे में गलत प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। उनके भाषण ने न केवल भारत का बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच का भी ध्यान खींचा है। पाकिस्तान की तुलना एक राक्षस से करते हुए, अनुपमा सिंह ने कहा कि यह एक ऐसा देश है जहां रक्षा मंत्री खुलेआम आतंकवादियों को पनाह देने, उन्हें ट्रेनिंग देने और उनका इस्तेमाल करने को सही ठहराते हैं।
कौन हैं अनुपमा सिंह?
अनुपमा सिंह अभी जिनेवा में भारत के स्थायी मिशन में फर्स्ट सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रही हैं। उनकी शिक्षा और करियर की बात करें तो उनके पास कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में B.Tech की डिग्री है। इसके बाद, उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (FMS) से फाइनेंस में MBA पूरा किया। भारतीय विदेश सेवा में शामिल होने से पहले, उन्होंने मशहूर फर्म KPMG में दो साल से ज़्यादा समय तक काम किया, पहले कंसल्टेंट के तौर पर और फिर सीनियर कंसल्टेंट के तौर पर। उन्हें अर्थशास्त्र, विज्ञान और टेक्नोलॉजी जैसे विषयों में गहरी दिलचस्पी है, इसीलिए उन्हें एक काबिल डिप्लोमैट माना जाता है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के पक्ष को मजबूती से रखने के कारण वह अक्सर सुर्खियों में रहती हैं।
अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को आईना दिखाया
UN के मंच से पाकिस्तान के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भारत, पाकिस्तान और ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा। अपने भाषण में अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां पाकिस्तान खुद को आतंकवाद का शिकार बताता है, वहीं उसके नेताओं के बयान और नीतियां कुछ और ही कहानी बयां करते हैं। पाकिस्तान के रुख को विरोधाभासी बताते हुए उन्होंने कहा कि यह देश अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए भारत के खिलाफ गलत प्रचार कर रहा है।

