‘हम सक्षम नहीं, उनके हथियार…’ PAK रक्षा मंत्री ने कबूली बड़ी सच्चाई, अपने ही देश की आर्मी को बताया कमजोर
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पहली बार खुले तौर पर माना है कि पाकिस्तानी सेना बलूचिस्तान को सुरक्षित रखने में नाकाम है। उन्होंने माना कि हाल ही में आतंकवादी और विद्रोही हमलों में बढ़ोतरी के बीच सेना को इस इलाके में गश्त लगाने और कंट्रोल करने में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यह बयान ऐसे समय आया है जब बलूच विद्रोहियों ने बलूचिस्तान में कई बड़े और खतरनाक हमले किए हैं।
ख्वाजा आसिफ ने ये बातें पाकिस्तानी नेशनल असेंबली में कहीं। उन्होंने बताया कि बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, जो देश के कुल इलाके के 40 प्रतिशत से ज़्यादा हिस्से में फैला हुआ है। इतने बड़े इलाके को सुरक्षित रखना सेना के लिए बहुत मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को बड़ी संख्या में सैनिक तैनात करने पड़े हैं, लेकिन इसके बावजूद पूरे इलाके पर नज़र रखना मुमकिन नहीं है।
ख्वाजा आसिफ का चौंकाने वाला खुलासा
रक्षा मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि इतने बड़े और फैले हुए इलाके की रखवाली करना किसी बड़े शहर को सुरक्षित रखने से कहीं ज़्यादा मुश्किल है। उन्होंने माना कि सैनिक अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन शारीरिक और संसाधनों की कमी के कारण हर जगह गश्त लगाना मुमकिन नहीं है। यह बयान पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ख्वाजा आसिफ ने संसद में यह चौंकाने वाला खुलासा भी किया कि कई मामलों में बलूच विद्रोहियों के पास पाकिस्तानी सेना से ज़्यादा आधुनिक और महंगे हथियार हैं। उनके मुताबिक, विद्रोही लगभग 20 लाख पाकिस्तानी रुपये की राइफलें, $4,000 से $5,000 की थर्मल और लेज़र सिस्टम, और लगभग $20,000 के पूरे कॉम्बैट गियर का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह साफ तौर पर दिखाता है कि विद्रोहियों की क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं।

