Samachar Nama
×

Voyager-1 Milestone: 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंचा नासा का अंतरिक्ष यान, 24 घंटे में धरती से मिलेगा सिग्नल

Voyager-1 Milestone: 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंचा नासा का अंतरिक्ष यान, 24 घंटे में धरती से मिलेगा सिग्नल

अंतरिक्ष की अनंत गहराइयों में इंसान की बनाई एक मशीन लगातार इतिहास रच रही है। नासा का मशहूर अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 पृथ्वी से करीब 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंच चुका है। इसने एक लाइट-डे यानी प्रकाश द्वारा 24 घंटे में तय की जाने वाली दूरी का आंकड़ा पार कर लिया है। इंसानों की बनाई अब तक कोई दूसरी वस्तु इतनी दूर नहीं पहुंच पाई है।

एक लाइट-डे वह दूरी है, जिसे प्रकाश एक दिन में तय करता है। प्रकाश की गति लगभग 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड है। इस हिसाब से एक लाइट-डे करीब 25.9 अरब किलोमीटर के बराबर होता है। वॉयजर-1 की दूरी इतनी अधिक हो चुकी है कि पृथ्वी से भेजे गए रेडियो सिग्नल को उस तक पहुंचने में करीब 24 घंटे लगते हैं। यान से जवाब आने में भी लगभग इतना ही वक्त लगता है। यानी धरती से भेजे गए संदेश का जवाब मिलने में करीब दो दिन लग सकते हैं।

1998 में बनाया था सबसे दूर पहुंचने का रिकॉर्ड

वॉयजर-1 ने साल 1998 में नासा के ही पायनियर-10 अंतरिक्ष यान को पीछे छोड़ दिया था। इसके साथ ही यह इंसान की बनाई सबसे दूर पहुंचने वाली वस्तु बन गया। तब से यह लगातार अंतरिक्ष में अपनी यात्रा जारी रखे हुए है।

इसे सितंबर 1977 में लॉन्च किया गया था। शुरुआत में इसका मिशन केवल चार से पांच साल के लिए निर्धारित था। इसका मुख्य उद्देश्य बृहस्पति और शनि ग्रहों का अध्ययन करना था, लेकिन इसने उम्मीद से कहीं अधिक समय तक काम किया है।

Voyager-2 से भी काफी आगे निकल चुका है यान

वॉयजर-1 का जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 भी है, जिसे इससे 16 दिन पहले लॉन्च किया गया था। हालांकि, दोनों के लिए अलग-अलग रास्ते चुने गए थे। वॉयजर-1 को अपेक्षाकृत छोटा और तेज रास्ता दिया गया, ताकि वह बृहस्पति और शनि तक जल्दी पहुंच सके।

वहीं, वॉयजर-2 का मार्ग इस तरह तय किया गया था कि वह बृहस्पति और शनि के अलावा यूरेनस और नेपच्यून का भी अध्ययन कर सके। इसी वजह से दोनों यानों की दूरी में अंतर है। वॉयजर-2 अभी वॉयजर-1 से करीब 4.22 अरब किलोमीटर पीछे है। दोनों अंतरिक्ष यान अलग-अलग दिशाओं में आगे बढ़ रहे हैं।

सौरमंडल की सीमा पार कर इंटरस्टेलर स्पेस में कर रहे रिसर्च

वॉयजर-1 और वॉयजर-2 अब इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष का अध्ययन कर रहे हैं। दोनों यान सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र और सौर हवाओं से बनी विशाल सीमा हेलियोस्फीयर को पार कर चुके हैं।

वॉयजर-1 ने 2012 में इस सीमा को पार किया था, जबकि वॉयजर-2 साल 2018 में इसके बाहर पहुंचा। अब इनसे वैज्ञानिकों को सौरमंडल के बाहर के वातावरण, चुंबकीय क्षेत्र और आवेशित कणों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है।

मिशन जारी रखने के लिए नासा ने अपनाए खास तरीके

करीब पांच दशक पुराने इन यानों को चालू रखना नासा के इंजीनियरों के लिए बड़ी चुनौती है। दोनों की बिजली सीमित है और उपकरण भी पुराने हो चुके हैं। ऐसे में मिशन को जारी रखने के लिए कई बदलाव किए गए हैं।

1. गैर-जरूरी उपकरण किए बंद: बिजली बचाने के लिए कई वैज्ञानिक उपकरण बंद कर दिए गए हैं। वॉयजर-1 के 10 वैज्ञानिक उपकरणों में से अब केवल दो काम कर रहे हैं। ये चुंबकीय क्षेत्र और आवेशित कणों का अध्ययन करते हैं।

2. बिजली की खपत में बदलाव: ज्यादा ऊर्जा खर्च करने वाले कुछ उपकरण बंद किए गए और उनकी जगह कम बिजली लेने वाले उपकरणों को चालू रखा गया। इससे करीब 10 वॉट बिजली बचाने में मदद मिली।

3. ईंधन की पाइप को गर्म रखना: अंतरिक्ष में अत्यधिक ठंड के कारण ईंधन की पाइप में समस्या आ सकती है। इसलिए नासा ने उपकरणों और बिजली के इस्तेमाल में ऐसे बदलाव किए हैं, जिससे जरूरी हिस्सों का तापमान बनाए रखा जा सके।

4. कंप्यूटरों का तापमान बनाए रखना: यान के पुराने कंप्यूटरों को काम करने के लिए एक निश्चित तापमान की जरूरत होती है। इंजीनियर बिजली का इस्तेमाल इस तरह नियंत्रित कर रहे हैं कि कंप्यूटर और दूसरे अहम सिस्टम ठंडे न पड़ें।

5. पुराने उपकरणों से नए काम लेना: वॉयजर को ग्रहों की खोज के लिए बनाया गया था, लेकिन अब इसके बचे हुए उपकरणों से तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष की जानकारी जुटाई जा रही है।

6. धरती से रेडियो संपर्क बनाए रखना: यान का एंटीना पृथ्वी की दिशा में होना जरूरी है, ताकि वह वैज्ञानिक आंकड़े भेज सके और नासा से निर्देश प्राप्त कर सके। इसके लिए दिशा नियंत्रित करने वाली प्रणाली को भी चालू रखना पड़ता है।

10 लोगों की टीम संभाल रही ऐतिहासिक मिशन

वॉयजर-1 जैसे पुराने अंतरिक्ष यान को संचालित करने के लिए नासा की करीब 10 लोगों की टीम काम कर रही है। मिशन वैज्ञानिक लिंडा स्पिलकर के मुताबिक, इस टीम में 25 साल का युवा कम्युनिकेशन इंजीनियर भी शामिल है। दिलचस्प बात यह है कि उसके माता-पिता का जन्म भी वॉयजर-1 के लॉन्च होने के बाद हुआ था।

वहीं, टीम में एक ऐसा विशेषज्ञ भी है, जिसकी उम्र करीब 90 साल है और जो मिशन के शुरुआती दौर से इससे जुड़ा रहा है। लिंडा स्पिलकर भी 1977 में मिशन शुरू होने के समय से इससे जुड़ी थीं। कुछ समय तक अलग रहने के बाद वह 2020 में फिर टीम में लौटीं।

जब उन्होंने दोबारा जिम्मेदारी संभाली थी, तब उन्हें लगा था कि यह अंतरिक्ष यान कुछ साल और काम कर पाएगा। लेकिन वॉयजर-1 आज भी अंतरिक्ष में आंकड़े जुटा रहा है। करीब 49 साल से जारी इसकी यात्रा मानव वैज्ञानिक उपलब्धियों और इंजीनियरिंग क्षमता की एक अनोखी मिसाल बन चुकी है।

Share this story

Tags