ट्रम्प की हत्या की सोच रखने वाला वेनेजुएला का युवक व्हाइट हाउस के पास गिरफ्तार, वीडियो में जाने कार से मिलीं 3 बंदूकें और कारतूस
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। ट्रम्प की हत्या करने के बारे में सोचने वाले वेनेजुएला के एक 26 वर्षीय युवक को गुरुवार रात व्हाइट हाउस के पास गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, युवक एक चोरी की कार में सवार था। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन बंदूकें और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तारी के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक की पहचान रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, युवक को वॉशिंगटन डीसी में कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया था। इसके बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान उसके पास हथियार मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
पूछताछ में कही ट्रम्प की हत्या की बात
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवक ने अधिकारियों को बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं। ये आवाजें उसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने के लिए कहती हैं। उसके इस बयान के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया।अधिकारियों ने युवक के पास से तीन बंदूकें और कई कारतूस बरामद किए हैं। जिस कार में वह मौजूद था, उसके चोरी की होने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक का व्हाइट हाउस के आसपास पहुंचने का उद्देश्य क्या था और क्या वह किसी हमले की तैयारी कर रहा था।
2024 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था युवक
DHS के अनुसार, रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस वर्ष 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके अमेरिका में प्रवेश, गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उसके पास हथियार कहां से आए और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।व्हाइट हाउस अमेरिका के सबसे सुरक्षित और संवेदनशील स्थानों में शामिल है। ऐसे में राष्ट्रपति को निशाना बनाने की बात कहने वाले व्यक्ति का हथियारों के साथ उसके नजदीक पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है।
ट्रम्प की हत्या की पहले भी हो चुकी हैं कोशिशें
डोनाल्ड ट्रम्प इससे पहले भी कई बार हत्या की कोशिशों का सामना कर चुके हैं। उनके खिलाफ पहले भी तीन बार हमले की कोशिशें होने की जानकारी सामने आ चुकी है। इन घटनाओं के बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है।ताजा मामले में युवक की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके इरादों और संभावित खतरे की गहराई से जांच कर रही हैं। हालांकि, अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक वास्तव में किसी हमले की योजना बना रहा था या नहीं।

