होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा, वीडियो में देंखे ईरान की चेतावनी—‘अभी तो ट्रेलर
पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर टकराव गहरा गया है। इस रणनीतिक जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया है।मुंबई स्थित ईरानी कॉन्सुलेट ने इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। कॉन्सुलेट की ओर से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें ईरान अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। वीडियो में होर्मुज स्ट्रेट में मौजूद जहाजों पर मिसाइल दागते हुए दिखाया गया है। इसके साथ दिए गए कैप्शन—“अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है”—ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
बताया जा रहा है कि ईरान ने इस वीडियो के जरिए अपनी मिसाइल बोट्स और समुद्री सैन्य क्षमता का भी प्रदर्शन किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि अमेरिका को सीधा संदेश है कि अगर स्थिति और बिगड़ी तो ईरान कड़े कदम उठा सकता है।दरअसल, अमेरिका ने हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट में उन जहाजों की नाकाबंदी शुरू कर दी है, जो ईरान को टोल दे रहे हैं। अमेरिका का यह कदम क्षेत्र में उसकी रणनीतिक पकड़ को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, ईरान ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ईरान का स्पष्ट कहना है कि बिना टोल दिए किसी भी जहाज को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यही मुद्दा दोनों देशों के बीच टकराव का मुख्य कारण बन गया है। होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग है, ऐसे में यहां बढ़ता तनाव पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।
इस बीच, शी जिनपिंग ने भी मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दुनिया को “जंगल के कानून” की स्थिति में नहीं जाने देना चाहिए। उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय नियम सभी देशों पर समान रूप से लागू होने चाहिए, न कि किसी एक देश की सुविधा के अनुसार। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार, व्यापार और सुरक्षा पर पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि कूटनीतिक स्तर पर समाधान निकाला जाएगा।

