यूक्रेन को अमेरिका देगा हाई-टेक हथियार! ट्रंप ने किया बड़ा ऐलान, रूस को घेरने की नई रणनीति तैयार
कभी रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने का दावा करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब यूक्रेन को हथियार भेजने का ऐलान किया है। ट्रंप ने गुरुवार को एनबीसी न्यूज से बातचीत में कहा कि हम नाटो को हथियार भेज रहे हैं। नाटो ये हथियार यूक्रेन को देगा। दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बनने से पहले ही दावा कर रहे थे कि अगर वह सत्ता में आए तो कुछ ही दिनों में रूस-यूक्रेन युद्ध रोक देंगे। ट्रंप सत्ता में तो आ गए, लेकिन युद्ध जारी रहा। ट्रंप ने पहले यूक्रेन और फिर रूस पर अलग-अलग तरीकों से दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन यह कारगर नहीं हुआ।
रूस पर बयान जारी करेंगे ट्रंप
दोनों देशों के बीच शांति वार्ता में कोई प्रगति न होने पर ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति निराशा जताई है। उन्होंने यह भी कहा कि वह सोमवार को रूस पर एक बड़ा बयान देने वाले हैं। हालांकि, ट्रंप ने इस बारे में जानकारी नहीं दी कि यह किस बारे में है। ट्रंप ने कहा, 'अमेरिका नाटो को हथियार भेजेगा और नाटो हमें उन हथियारों के लिए भुगतान करेगा। नाटो ये हथियार यूक्रेन को देगा, ताकि यूक्रेन रूसी बढ़त से बचाव कर सके।' ये हथियार कौन से होंगे, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है, लेकिन माना जा रहा है कि यूक्रेन को रक्षात्मक पैट्रियट मिसाइलें और मध्यम दूरी के हमलावर रॉकेट मिल सकते हैं।
30 करोड़ डॉलर की कीमत के हथियार मिलेंगे
विशेषज्ञों का मानना है कि हथियारों की कुल कीमत 30 करोड़ डॉलर तक हो सकती है। ट्रंप राष्ट्रपति पद की उन्हीं शक्तियों का इस्तेमाल करके यूक्रेन को हथियार भेजने वाले हैं, जिनका इस्तेमाल जो बाइडेन ने किया था। जो बाइडेन यूक्रेन के कट्टर समर्थक माने जाते थे और उनके कार्यकाल में अमेरिकी भंडार से कई हथियार यूक्रेन पहुँचे थे।
ट्रंप इससे पहले भी यूक्रेन को हथियार भेजने में अमेरिकी खर्च को लेकर कई बार बाइडेन की आलोचना कर चुके हैं। बता दें कि रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में यूक्रेन में 2 लोगों की मौत हो गई थी और 26 लोग घायल हुए थे। इन हमलों में कीव को काफी नुकसान हुआ है।

