अमेरिका ने जारी की UFO फाइलों की पहली खेप, वीडियो में जाने FBI दस्तावेजों में रहस्यमयी जीवों का दावा
अमेरिका में लंबे समय से चर्चा में रही UFO (अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) फाइलों की पहली खेप शुक्रवार को सार्वजनिक कर दी गई। ट्रम्प प्रशासन की ओर से जारी इन दस्तावेजों में सैकड़ों नए वीडियो, तस्वीरें और पुराने सरकारी रिकॉर्ड शामिल हैं, जिन्होंने एक बार फिर एलियन और UFO को लेकर बहस तेज कर दी है।FBI के डिक्लासिफाइड दस्तावेजों के मुताबिक, 1960 के दशक में कई लोगों ने कथित तौर पर UFO देखे जाने और उनसे रहस्यमयी जीवों के बाहर निकलने का दावा किया था। रिकॉर्ड में कहा गया है कि कुछ गवाहों ने इन उड़न तश्तरियों से बाहर आते “क्रू मेंबर्स” को देखने की बात कही।
रिपोर्ट के अनुसार, इन जीवों की लंबाई करीब साढ़े तीन से चार फीट बताई गई है। गवाहों ने दावा किया कि वे स्पेस सूट और हेलमेट जैसे कपड़े पहने हुए थे। दस्तावेजों में यह भी उल्लेख है कि इन घटनाओं की जानकारी उस समय सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाई गई थी और कुछ मामलों में जांच भी की गई थी।हालांकि अमेरिकी सरकार ने अब तक एलियंस के अस्तित्व की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विशेषज्ञों का कहना है कि जारी की गई फाइलें ऐतिहासिक रिकॉर्ड का हिस्सा हैं और इनमें दर्ज दावों की सत्यता को पूरी तरह प्रमाणित नहीं माना जा सकता।
UFO फाइलों के सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ गई है। कई यूजर्स इसे “इतिहास का सबसे बड़ा खुलासा” बता रहे हैं, जबकि वैज्ञानिक समुदाय अब भी इन दावों को संदेह की नजर से देख रहा है।

