2027 में फिर भारत आएंगे डोनाल्ड ट्रंप, दूसरे दौरे की अटकलों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री ने की मोदी की तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बारे में मजबूत संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप के भारत दौरे पर काम चल रहा है और उम्मीद जताई कि यह यात्रा अगले साल की शुरुआत में हो सकती है। IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन डीसी में भारत-अमेरिका संबंधों पर चर्चा करते हुए रुबियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध बेहतरीन दौर में हैं। उन्होंने बताया कि G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बहुत सार्थक बैठक हुई थी। दोनों देश अब व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं।
रुबियो ने कहा, "हम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने से बस कुछ ही कदम दूर हैं। बातचीत बहुत सकारात्मक रही है। अगली क्वाड बैठक भी जल्द ही होगी। मैं व्यक्तिगत रूप से इस साल के अंत से पहले भारत का दौरा करने की उम्मीद करता हूं और अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा की तैयारी करूंगा।" अगर ट्रंप अगले साल भारत आते हैं, तो दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी भारत की पहली यात्रा होगी।
भारत यात्रा के बारे में रुबियो ने क्या कहा?
ट्रंप की संभावित भारत यात्रा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "हम उस दिशा में काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि राष्ट्रपति अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। भारत अमेरिका का बहुत करीबी साझेदार और सहयोगी है।" रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंधों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बीच जो निकटता है, वह शायद किसी अन्य नेता के साथ उनके संबंधों में बेजोड़ है। कूटनीति में ऐसे संबंध बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।"
व्यापार समझौते पर जल्द फैसला होने की संभावना
रुबियो के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में है। अगर यह समझौता हो जाता है, तो इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी।

