अमेरिका-इजराइल इस हफ्ते ईरान पर कर सकते बड़ी स्ट्राइक, बिजली प्लांट और रिफाइनरी रडार पर
अमेरिका और इज़राइल ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। CBS न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हफ़्ते पावर प्लांट और ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाया जा सकता है। शुक्रवार को कैंप डेविड में ट्रंप की कैबिनेट मीटिंग में भी इस मिलिट्री प्लान पर चर्चा हुई। मीटिंग के दौरान ट्रंप ने कहा, "हम ईरान पर बहुत ज़ोरदार हमला करने वाले हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अब ईरान पर भरोसा नहीं है क्योंकि "वे झूठ बोलते हैं, बातचीत की बात करते हैं, लेकिन बार-बार अपने वादे तोड़ते हैं।"
वहीं, ईरान के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि अगर अमेरिका हमला करता है, तो उसका जवाब देने की पूरी तैयारी है। उनके मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में अमेरिका और इज़राइल के बड़े मिलिट्री ठिकानों और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जाएगा।
1. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री से बात की: विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से फ़ोन पर बात की। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि किसी भी हालत में कमर्शियल जहाज़ों या उन पर काम करने वाले नाविकों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
2. ईरान संघर्ष के बीच 16 भारतीयों की मौत: इस साल पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 10 नाविक शामिल हैं। सरकार ने संसद को यह जानकारी दी।
3. पेंटागन ने 18.2 अरब डॉलर की मांग की: अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने ईरान के साथ संघर्ष के दौरान इस्तेमाल किए गए मिसाइल स्टॉक को फिर से भरने के लिए 18.2 अरब डॉलर (लगभग ₹1.59 लाख करोड़) की इमरजेंसी फ़ंडिंग की मांग की है।
4. IRGC सदस्यों के शव ईरान पहुंचे: ईरानी मीडिया के मुताबिक, इराक में हाल ही में अमेरिका और सऊदी हमलों में मारे गए IRGC के पांच सदस्यों के शव शुक्रवार को ईरान लाए गए।

