Samachar Nama
×

US-Iran War: शादी के जश्न के बीच अमेरिकी हमला, प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आपबीती

US-Iran War: शादी के जश्न के बीच अमेरिकी हमला, प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आपबीती

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। होर्मोजगान प्रांत के तटीय गांव कुहेस्तक में एक शादी समारोह के दौरान अचानक धमाके हो गए। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, समारोह में करीब 350 लोग मौजूद थे। धमाकों में एक चार साल के बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 67 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद शादी में शामिल मेहमानों और राहतकर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

अचानक गिरने लगी छत और दीवारें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके से कुछ पल पहले तक महिलाएं पारंपरिक तरीके से शादी का जश्न मना रही थीं। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और घर की छत और दीवारें भरभराकर गिरने लगीं।

बताया गया कि एक प्रोजेक्टाइल घर की छत से टकराया और फर्श में करीब डेढ़ मीटर गहरा गड्ढा बन गया। वहीं एक अन्य प्रोजेक्टाइल के खजूर के पेड़ से टकराने के बाद पेड़ दीवार पर जा गिरा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

क्या अमेरिकी हमले में हुआ धमाका?

इस घटना को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर शादी समारोह को निशाना किसने बनाया?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM ने घटना की रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि धमाका अमेरिकी सेना के हमले की वजह से हुआ था।

CENTCOM के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी सेना नागरिकों को निशाना नहीं बनाती और मामले की जांच की जा रही है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा कि फिलहाल उनके पास घटना को लेकर कोई नई जानकारी नहीं है और मामले की जांच की जाएगी।

दूसरी ओर, रॉयटर्स की एक जांच में दावा किया गया है कि शादी समारोह पर हुआ हमला किसी दूसरे लक्ष्य से टकराकर लौटे हथियार का परिणाम होने के बजाय सीधे अमेरिकी हथियार के हमले की वजह से होने की अधिक संभावना है।

दुल्हन के पिता का बड़ा दावा

दुल्हन के पिता अली मल्लाही के मुताबिक, शादी में करीब 350 लोग मौजूद थे और दोनों घर पूरी तरह रिहायशी इलाके में थे। उनके अनुसार, आसपास कोई सैन्य ठिकाना या सैन्य प्रतिष्ठान नहीं था।

उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर पहले उन्हें लगा कि शायद गैस सिलेंडर फट गया है। लेकिन जब वह दूसरे घर पहुंचे तो वहां लोगों को घबराकर भागते देखा और तब उन्हें घटना की गंभीरता का एहसास हुआ।

फिलहाल इस घटना की जांच जारी है। लेकिन शादी की खुशियों के बीच हुआ यह धमाका पूरे इलाके के लिए एक दर्दनाक त्रासदी बन गया है।

Share this story

Tags