Samachar Nama
×

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सैनिक ने लगाई फटकार, वीडियो में जाने अर्लिंग्टन कब्रिस्तान में फोटो खिंचवाते समय हंसी पर जताई नाराजगी

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सैनिक ने लगाई फटकार, वीडियो में जाने अर्लिंग्टन कब्रिस्तान में फोटो खिंचवाते समय हंसी पर जताई नाराजगी

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बुधवार को अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में एक सैनिक ने मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दे दी। हेगसेथ अपनी पत्नी और सलाहकारों के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि (टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर) के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद एक महिला के हंसने पर समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक ने नाराजगी जताई और सभी को शांत रहने के लिए कहा। उसने शहीद सैनिकों के प्रति सम्मान दिखाने की भी याद दिलाई।यह पूरी घटना वहां मौजूद रिपोर्टर्स के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, सैनिक ने किसी व्यक्ति का नाम लेकर टिप्पणी नहीं की, बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों को इस पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए कहा।

वेटरन्स डे कार्यक्रम में शामिल हुए थे हेगसेथ

पीट हेगसेथ बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में आयोजित सालाना वेटरन्स डे कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी जेनिफर हेगसेथ और तीन सलाहकार रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ तथा पैट्रिक वीवर भी उनके साथ मौजूद थे।कार्यक्रम के दौरान हेगसेथ और उनके साथ आए लोग अज्ञात सैनिक की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान उनके समूह में शामिल एक महिला हंसने लगी। समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक ने यह देखा तो उसने सभी को शांत रहने और शहीदों के बलिदान का सम्मान करने के लिए कहा।

पेंटागन ने सैनिक के व्यवहार का किया समर्थन

घटना के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सैनिक के व्यवहार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सैनिक ने अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाई। रक्षा मंत्री और पूरा रक्षा विभाग हमेशा अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का सम्मान करता आया है और आगे भी करता रहेगा।पार्नेल ने कहा कि इस गंभीर दिन पर सैनिक ने सभी को मर्यादा बनाए रखने की सही बात याद दिलाई। उनके बयान से स्पष्ट हुआ कि पेंटागन ने सैनिक की टिप्पणी को अनुचित नहीं माना, बल्कि इसे उसके कर्तव्य का हिस्सा बताया।

क्या है टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर

अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में स्थित टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर उन अमेरिकी सैनिकों की याद में बनाया गया है, जिनकी पहचान युद्ध में शहीद होने के बाद भी नहीं हो सकी। यह स्मारक देश के लिए जान देने वाले सैनिकों के बलिदान और सम्मान का प्रतीक है। यहां हर समय विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहती है और तैनात सैनिक स्मारक की गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं।वेटरन्स डे पर अमेरिका में पूर्व सैनिकों और देश के लिए सेवा देने वाले सैन्यकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। ऐसे मौके पर इस स्मारक के सामने अनुशासन और शांति बनाए रखने को विशेष महत्व दिया जाता है।

Share this story

Tags