अमेरिका-ईरान तनाव पर बड़ी राहत, वीडियो में जाने सैन्य हमलों पर अस्थायी रोक पर सहमति
अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच अब एक बड़ी कूटनीतिक राहत की खबर सामने आई है। दोनों देशों ने फिलहाल एक-दूसरे पर सैन्य हमले रोकने पर सहमति जता दी है। पिछले तीन दिनों से दोनों पक्षों के बीच लगातार सैन्य कार्रवाई जारी थी, जिससे पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए थे।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, 17 जून को हुए समझौते के सभी बिंदुओं पर बातचीत अभी भी जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को कतर में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच तकनीकी स्तर की अहम वार्ता प्रस्तावित है, जिसमें आगे की रणनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।
समझौते के तहत यह भी तय किया गया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगाई जाएगी। गौरतलब है कि हाल के दिनों में इसी महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।
तनाव के दौरान अमेरिका ने ईरान के मिसाइल और रडार ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की थी, जबकि ईरान ने पलटवार करते हुए कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। लगातार बढ़ते संघर्ष के बीच अब दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोककर बातचीत के जरिए समाधान तलाशने पर सहमति जताई है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

