UAE में बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को मारी टक्कर, फुटेज में देंखे 3 भारतीयों समेत 14 की मौत; जुड़वा भाई-बहन भी शामिल
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। मरने वाले तीनों भारतीय केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। इनमें जुड़वा भाई-बहन भी शामिल हैं।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों में आग लग गई। आग की वजह से कुछ शव बुरी तरह जल गए हैं। ऐसे में मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच कराई जा रही है।
एक ही परिवार के तीन भारतीयों की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों की पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वा बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है। तीनों केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही परिवार के थे। इस हादसे से परिवार में शोक की लहर है।केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
UAE समेत 7 देशों के नागरिकों की गई जान
UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में मारे गए 14 लोगों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कुल 30 लोग घायल हुए थे। इनमें से करीब आ लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी घायलों का उपचार जारी है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास पीड़ित परिवारों के संपर्क में
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।हादसे में कई वाहनों के आग की चपेट में आने से मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया है। इसी वजह से कुछ शवों की पहचान के लिए DNA जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों और ट्रक के बेकाबू होने की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

