UAE ने 4 हजार से ज्यादा बांग्लादेशियों के वीजा किए रद्द, वीडियो में जाने छुट्टी मनाने गए थे घर; वापस लौटने पर लगा झटका
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने और काम करने वाले 4 हजार से ज्यादा बांग्लादेशियों के सामने अचानक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, UAE ने इन लोगों के वीजा रद्द कर दिए हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जो लंबे समय से UAE में नौकरी या कारोबार कर रहे थे और छुट्टी मनाने के लिए बांग्लादेश लौटे थे। अब वीजा रद्द होने के बाद ये लोग UAE वापस नहीं जा पा रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि प्रभावित लोगों को वीजा रद्द किए जाने की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है। कई लोगों को इसकी जानकारी ईमेल या मोबाइल मैसेज के जरिए मिली। अचानक वीजा रद्द होने से प्रभावित लोगों के सामने नौकरी, कारोबार और लंबे समय से UAE में बनाए गए जीवन को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।
बांग्लादेश सरकार ने UAE के सामने उठाया मामला
मामले को लेकर बांग्लादेश सरकार सक्रिय हो गई है। सरकार ने राजनयिक स्तर पर UAE के सामने यह मुद्दा उठाया है और प्रभावित लोगों के वीजा रद्द किए जाने के मामलों की दोबारा जांच करने की मांग की है। बांग्लादेश सरकार की कोशिश है कि जिन लोगों के वीजा बिना स्पष्ट कारण के रद्द हुए हैं, उनके मामलों की समीक्षा की जाए।प्रभावित लोगों की ओर से भी मामले के जल्द समाधान की मांग की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने सरकार को 22 सितंबर तक समाधान निकालने का समय दिया है। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए कि आखिर किन आधारों पर उनके वीजा रद्द किए गए हैं।
27 साल से UAE में रह रहे थे अबुल कलाम आजाद
वीजा रद्द होने से प्रभावित लोगों में अबुल कलाम आजाद भी शामिल हैं। आजाद करीब 27 साल से UAE में रह रहे थे। वह 7 अप्रैल को छुट्टी मनाने के लिए बांग्लादेश लौटे थे। उन्हें उम्मीद थी कि छुट्टी पूरी करने के बाद वह सामान्य तरीके से UAE वापस लौट जाएंगे।हालांकि, करीब साढ़े तीन महीने बाद 24 जुलाई को उन्हें एक ईमेल मिला। ईमेल में उन्हें बताया गया कि उनका UAE वीजा रद्द कर दिया गया है। आजाद के मुताबिक, उन्हें वीजा रद्द करने की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई। इतने लंबे समय से UAE में रहने के बाद अचानक सामने आए इस फैसले ने उनके लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
छुट्टी पर गए लोगों की बढ़ी परेशानी
प्रभावित बांग्लादेशियों में ऐसे लोग भी बताए जा रहे हैं, जिनका UAE में रोजगार या कारोबार चल रहा था। वे कुछ समय के लिए अपने परिवार से मिलने या छुट्टी मनाने बांग्लादेश आए थे। वीजा रद्द होने के बाद उनके लिए UAE लौटना संभव नहीं हो पा रहा है।इस स्थिति का सीधा असर उनकी नौकरी और कारोबार पर पड़ सकता है। लंबे समय से UAE में रहने वाले लोगों के लिए आवास, संपत्ति, बैंकिंग और परिवार से जुड़े मामलों को लेकर भी कई तरह की चिंताएं सामने आ सकती हैं।अब सभी की नजर बांग्लादेश सरकार और UAE के बीच होने वाली राजनयिक बातचीत पर है। प्रभावित लोगों को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच बातचीत के जरिए मामले की समीक्षा होगी और पात्र लोगों के वीजा से जुड़े मामलों पर दोबारा विचार किया जाएगा।

