Samachar Nama
×

नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर टकराए, फुटेज में देंखे भारतीय पर्यटक की मौत; न्यूजीलैंड का भारतीय मूल का नागरिक घायल

नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर टकराए, फुटेज में देंखे भारतीय पर्यटक की मौत; न्यूजीलैंड का भारतीय मूल का नागरिक घायल

नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक भारतीय मूल का नागरिक घायल हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकराए थे। हादसा सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर सुबह 8 बजकर 11 मिनट पर हुआ।हादसे के समय फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने हादसे में एक पर्यटक की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि की है।

भारतीय पर्यटक की मौत, न्यूजीलैंड का नागरिक घायल

अधिकारियों के मुताबिक, फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की हादसे में मौत हो गई। इसी हेलिकॉप्टर में न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी सवार थे। वे भारतीय मूल के हैं और हादसे में घायल हुए हैं।घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

अलग-अलग दिशाओं से आ रहे थे दोनों हेलिकॉप्टर

नेपाली अधिकारियों के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से फेरीचे हेलीपैड की ओर आ रहे थे। इनमें से एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास स्थित गोरक्षेप की तरफ से लौट रहा था।दोनों हेलिकॉप्टर एक ही समय पर हेलीपैड पर उतरने की कोश कर रहे थे। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि लैंडिंग के दौरान उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों हेलिकॉप्टरों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

हेलीपैड पर जमी बर्फ भी हो सकती है वजह

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फेरीचे हेलीपैड पर बर्फ जमी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि बर्फ और वहां की परिस्थितियों के कारण लैंडिंग के दौरान मुश्किल पैदा हुई हो सकती है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इसे हादसे की आधिकारिक वजह नहीं बताया है।हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हेलिकॉप्टर उड़ान जोखिम भरी

नेपाल का एवरेस्ट क्षेत्र ऊंचे पहाड़ों, गहरी घाटियों और तेजी से बदलते मौसम के लिए जाना जाता है। यहां हेलिकॉप्टर संचालन के दौरान कई तरह की चुनौतियां सामने आती हैं। कम समय में मौसम बदलना, तेज हवाएं, कम दृश्यता और सीमित जगह वाले हेलीपैड लैंडिंग को जोखिम भरा बना सकते हैं।पहाड़ी इलाकों में हेलिकॉप्टरों को बेहद सावधानी से उड़ान भरनी और उतरना पड़ता है। ऐसे में मंगलवार को हुई टक्कर ने एक बार फिर नेपाल के पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को सामने ला दिया है। फिलहाल हादसे की जांच जारी है और इसकी असली वजह सामने आने का इंतजार है।

Share this story

Tags