ट्रंप की नई AI वेबसाइट ने 2020 चुनाव से लेकर जलवायु पर दिए अलग जवाब, बाद में राजनीतिक सवालों से बनाई दूरी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को America.gov नाम की नई AI-संचालित सरकारी वेबसाइट लॉन्च की। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी जानकारी और सेवाओं तक एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आसान पहुंच देना है। हालांकि, लॉन्च के तुरंत बाद वेबसाइट का AI चैटबॉट कुछ संवेदनशील राजनीतिक और सार्वजनिक मुद्दों पर ऐसे जवाब देने लगा, जो ट्रंप के कई सार्वजनिक बयानों से अलग थे।
2020 चुनाव पर क्या बोला AI?
2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े सवाल पर चैटबॉट ने कहा कि आधिकारिक संघीय स्रोतों में ऐसी व्यापक धोखाधड़ी का प्रमाण नहीं मिलता, जिससे चुनाव का परिणाम बदल गया हो। साथ ही उसने कहा कि चुनाव से जुड़े कुछ अलग-अलग अपराध हुए थे और उनके मामलों में कार्रवाई की गई।
2020 के चुनाव में जो बाइडेन ने जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद हुए ऑडिट और दोबारा मतगणना में ऐसा कोई व्यापक फर्जीवाड़ा सामने नहीं आया, जिससे नतीजे बदलने की बात साबित हो।
2028 में ट्रंप के चुनाव लड़ने पर संविधान का हवाला
जब America.gov से पूछा गया कि क्या ट्रंप 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ सकते हैं, तो चैटबॉट ने अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन का उल्लेख किया। जवाब में कहा गया कि कोई व्यक्ति दो बार से ज्यादा राष्ट्रपति निर्वाचित नहीं हो सकता और ट्रंप 2016 तथा 2024 में दो बार निर्वाचित हो चुके हैं। चैटबॉट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह कानूनी सलाह नहीं दे रहा है।
पेंटागन के नाम पर भी दिया अलग जवाब
पेंटागन से जुड़े सवाल पर चैटबॉट ने कहा कि यह Department of Defense का मुख्यालय है। यह जवाब ट्रंप प्रशासन की उस पहल से अलग है, जिसके तहत रक्षा विभाग के नाम को Department of War के रूप में इस्तेमाल करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
जलवायु परिवर्तन पर AI ने क्या कहा?
जलवायु परिवर्तन के सवाल पर चैटबॉट ने संघीय जलवायु विज्ञान से जुड़ी जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि हालिया वैश्विक तापमान वृद्धि मुख्य रूप से मानव गतिविधियों से निकलने वाली ग्रीनहाउस गैसों, खासकर जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल से जुड़ी है। साथ ही उसने यह भी कहा कि पृथ्वी की जलवायु लंबे समय से प्राकृतिक कारणों से भी बदलती रही है।
राष्ट्रपति के वेतन पर भी अलग जानकारी
राष्ट्रपति के वेतन को लेकर भी चैटबॉट ने ट्रंप के दावे से अलग जानकारी दी। ट्रंप ने लॉन्च कार्यक्रम में कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति का वेतन नहीं लिया है और इससे पहले किसी राष्ट्रपति ने ऐसा नहीं किया था। इसके जवाब में चैटबॉट ने जॉर्ज वॉशिंगटन, हर्बर्ट हूवर और जॉन एफ. कैनेडी का नाम लेते हुए कहा कि कुछ अन्य राष्ट्रपतियों ने भी अपना वेतन स्वीकार नहीं किया था।
लॉन्च के कुछ समय बाद बदल गए जवाब
Associated Press की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉन्च के दौरान ही America.gov के जवाबों में बदलाव दिखाई देने लगा। 2020 के चुनाव जैसे सवाल दोबारा पूछने पर चैटबॉट ने जवाब देने के बजाय कहा कि वह राजनीतिक सवालों का उत्तर नहीं देता। कुछ अन्य राजनीतिक सवालों पर भी इसी तरह का जवाब सामने आया।
व्हाइट हाउस के अनुसार, America.gov का उद्देश्य संघीय सरकार की जानकारी और सेवाओं तक पहुंच को एक जगह आसान बनाना है। वेबसाइट आधिकारिक सरकारी स्रोतों से जानकारी लेकर AI के जरिए जवाब देने के लिए तैयार की गई है।

