Samachar Nama
×

ट्रम्प का बड़ा दावा, जल्द होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का कंट्रोल; वीडियो में बोले- ईरान की सेना को भारी नुकसान

ट्रम्प का बड़ा दावा, जल्द होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का कंट्रोल; वीडियो में बोले- ईरान की सेना को भारी नुकसान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका जल्द ही इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लेगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के दावे आमने-सामने हैं। ट्रम्प ने अमेरिकी रेडियो नेटवर्क 77 WABC को दिए इंटरव्यू में ईरान की सैन्य क्षमता को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना, एयर फोर्स और सैन्य नेतृत्व को अमेरिकी कार्रवाई से भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान को किसी भी स्थिति में परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं देगा।

परमाणु हथियारों को लेकर फिर दी चेतावनी

ट्रम्प ने दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए सैन्य कार्रवाई जरूरी थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ईरान की ओर से ऐसा कोई खतरा सामने आता है तो अमेरिका दोबारा कड़ा सैन्य कदम उठा सकता है।अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के नेतृत्व को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि ईरान के कई बड़े नेता अब सत्ता में नहीं हैं, जिसके कारण किसी नए समझौते को लेकर बातचीत मुश्किल हो गई है। ट्रम्प ने कहा कि फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि ईरान में वास्तविक फैसले कौन ले रहा है।

ईरान की आर्थिक स्थिति पर भी निशाना

ट्रम्प ने ईरान की आर्थिक स्थिति को लेकर भी गंभीर दावे किए। उन्होंने कहा कि ईरान आर्थिक संकट से गुजर रहा है और देश में महंगाई काफी ज्यादा है। ट्रम्प के मुताबिक, ईरानी सरकार को अपनी सेना के जवानों को वेतन देने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।हालांकि, ईरान की ओर से अमेरिका के इन दावों को स्वीकार किए जाने की जानकारी नहीं है। दोनों देशों के बीच सैन्य और आर्थिक दबाव के साथ-साथ होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी टकराव बढ़ा हुआ है।

होर्मुज स्ट्रेट पर आमने-सामने अमेरिका और ईरान

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और ऊर्जा उत्पादों की आवाजाही होती है। इस कारण इस मार्ग पर तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।हाल के दिनों में ट्रम्प ने इस समुद्री मार्ग पर अमेरिकी नियंत्रण को लेकर कई कड़ेबयान दिए हैं। वहीं, ईरान ने अमेरिकी दावों को खारिज करते हुए कहा है कि स्ट्रेट उसके नियंत्रण में है और इसे खोलने या बंद करने का फैसला तेहरान करेगा।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। ऐसे में ट्रम्प का ताजा बयान क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि अमेरिका वास्तव में इस समुद्री मार्ग पर अपनी मौजूदगी किस स्तर तक बढ़ाता है और ईरान इसका क्या जवाब देता है।

Share this story

Tags