ट्रम्प का बड़ा दावा, वीडियो में बोले- रविवार को होगा ईरान से शांति समझौता, तेहरान ने किया खारिज
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच रविवार को शांति समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। ट्रम्प ने कहा कि समझौते के बाद रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को सभी जहाजों के लिए खोल दिया जाएगा और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। ट्रम्प के अनुसार, हालात सामान्य होने के बाद अमेरिका ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को हटाकर उसे नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यह प्रक्रिया सफल नहीं होती है तो अमेरिका के पास अन्य विकल्प भी मौजूद हैं, हालांकि वह उनका दोबारा इस्तेमाल नहीं करना चाहता।
होर्मुज स्ट्रेट खोलने का दावा
ट्रम्प ने कहा कि संभावित समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री आवाजाही सामान्य हो जाएगी। यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है और किसी भी तरह का तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकता है।
ईरान ने दावे को बताया गलत
हालांकि, ट्रम्प के इस दावे को ईरान ने तुरंत खारिज कर दिया। ईरान के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अमेरिका और ईरान के बीच रविवार को किसी शांति समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होने जा रहे हैं।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और समझौते की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन फिलहाल इसकी कोई निश्चित तारीख तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि समझौता अगले कुछ दिनों में हो सकता है, लेकिन रविवार को हस्ताक्षर होने की बात सही नहीं है।
वैश्विक नजरें बातचीत पर
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें बनी हुई हैं। यदि दोनों देशों के बीच सहमति बनती है तो इससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और वैश्विक ऊर्जा बाजारों को स्थिरता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

