Samachar Nama
×

ट्रम्प ने जेडी वेंस को ईरान के साथ शांति वार्ता से हटाया, वीडियो में जाने अब डेमोक्रेटिक राज्यों में भ्रष्टाचार और अपराध की जांच की जिम्मेदारी

ट्रम्प ने जेडी वेंस को ईरान के साथ शांति वार्ता से हटाया, वीडियो में जाने अब डेमोक्रेटिक राज्यों में भ्रष्टाचार और अपराध की जांच की जिम्मेदारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के साथ शांति वार्ता की जिम्मेदारी से अलग कर दिया है। ट्रम्प ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वेंस अब अमेरिका के डेमोक्रेटिक पार्टी शासित राज्यों और शहरों में भ्रष्टाचार और अपराध की जांच पर ध्यान देंगे। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है।

इस फैसले के बाद ईरान के साथ बातचीत शुरू करने की वेंस की हालिया कोशिशों पर भी विराम लग गया है। इससे पहले ट्रम्प ने इसी साल की शुरुआत में उन्हें ईरान के साथ बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी थी।

अप्रैल में पाकिस्तान जाकर की थी बातचीत

जेडी वेंस ईरान के खिलाफ युद्ध के पक्ष में नहीं थे। इसके बावजूद उन्हें दोनों देशों के बीच बातचीत की जिम्मेदारी दी गई थी। अप्रैल में वेंस पाकिस्तान गए थे, जहां उन्होंने ईरानी नेताओं के साथ कई घंटे तक बातचीत की थी। हालांकि, लंबी चर्चा के बावजूद दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं हो सका।

हाल ही में फिर बातचीत शुरू करने की कोशिश की थी

हाल के दिनों में वेंस ने एक बार फिर ईरान के साथ बातचीत शुरू कराने का प्रयास किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कतर के माध्यम से ईरान के वरिष्ठ नेता मोहसिन रजाई को एक पत्र भेजा था। इसमें जल्द ही दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक कराने का प्रस्ताव रखा गया था। वेंस ने यह भी संकेत दिया था कि वे अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।इससे पहले खबरें आई थीं कि वेंस ईरान के वरिष्ठ अधिकारी के साथ आमने-सामने बातचीत करने पर विचार कर रहे हैं। लेकिन ट्रम्प के ताजा बयान ने इस कूटनीतिक पहल को झटका दिया है।

ट्रम्प बोले- अमेरिका को समझौते की जरूरत नहीं

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका मजबूत स्थिति में है और उसके पास ईरान पर दबाव बनाने के पर्याप्त विकल्प हैं।हालांकि, ट्रम्प के बयान से यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ईरान के साथ मध्यस्थों के जरिए चल रही बातचीत पूरी तरह बंद होगी या नहीं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वेंस को बातचीत से दूर करने का फैसला ऐसे समय आया है, जब ईरान युद्ध और उसके आर्थिक असर को लेकर अमेरिकी राजनीति में भी बहस चल रही है।इस घटनाक्रम से अमेरिका-ईरान संबंधों में आगे की कूटनीतिक दिशा को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

Share this story

Tags