ट्रम्प ने किम जोंग उन को किया फोन, नहीं मिला जवाब; वीडियो में देखें चिट्ठी भी बिना खोले लौटा दी, UN में राजनयिक ने किया इनकार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन उन्हें हर बार निराशा हाथ लगी। पहले ट्रम्प ने फोन के जरिए बात करने की कोशिश की, लेकिन उत्तर कोरिया की ओर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्होंने किम को चिट्ठी भेजने का प्रयास किया। अमेरिकी अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद यह चिट्ठी उत्तर कोरिया के एक राजनयिक तक पहुंचाई, लेकिन उन्होंने उसे बिना खोले ही अमेरिकी प्रतिनिधि को लौटा दिया।
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने 2025 में व्हाइट हाउस लौटने के बाद पुराने संपर्क माध्यमों के जरिए किम से बातचीत करने की कोशिश की थी। इसमें फोन लाइन और अन्य राजनयिक संचार माध्यम शामिल थे। हालांकि, उत्तर कोरिया की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
UN के बाहर राजनयिक को सौंपी गई चिट्ठी
फोन पर संपर्क नहीं होने के बाद ट्रम्प ने किम जोंग उन को एक पत्र लिखा। अमेरिकी अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इसे उत्तर कोरिया के नेता तक पहुंचाने की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इसके लिए अलग तरीका अपनाया। अधिकारियों का एक समूह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र स्थित उत्तर कोरिया के स्थायी मिशन के बाहर इंतजार करने लगा। जब वहां से उत्तर कोरिया का एक राजनयिक गुजरा तो अमेरिकी अधिकारियों ने उसे ट्रम्प की चिट्ठी सौंप दी।
हालांकि, यह कोशिश भी सफल नहीं हुई। संयुक्त राष्ट्र की एक बैठक के दौरान उस राजनयिक ने चिट्ठी खोले बिना ही अमेरिकी प्रतिनिधि के सामने वापस रख दी। इस तरह ट्रम्प का संदेश किम तक पहुंचने से पहले ही लौटा दिया गया।
चीन दौरे में मुलाकात की थी उम्मीद
ट्रम्प को उम्मीद थी कि हालिया एशिया दौरे के दौरान चीन में उनकी किम जोंग उन से मुलाकात हो सकती है। उन्होंने अपने अधिकारियों से इस बैठक की संभावनाएं तलाशने को भी कहा था। लेकिन दोनों देशों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी।
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने बातचीत के लिए कुछ ऐसी शर्तें रखीं, जिन्हें अमेरिका स्वीकार करने को तैयार नहीं था। हालांकि, इन शर्तों का पूरा विवरण सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने कोरियाई युद्ध को औपचारिक रूप से समाप्त करने की घोषणा और उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर नरम रुख अपनाने जैसे विकल्पों पर विचार किया था। इसके बदले अमेरिका उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल परीक्षणों पर सीमाएं चाहता था। दोनों देशों के बीच राजनयिक संपर्क बढ़ाने के लिए संपर्क कार्यालय खोलने का प्रस्ताव भी चर्चा में था।
2019 में हुई थी आखिरी मुलाकात
डोनाल्ड ट्रम्प और किम जोंग उन के बीच उनके पहले कार्यकाल के दौरान तीन बार मुलाकात हुई थी। दोनों नेता 2018 और 2019 में मिले थे। जून 2019 में दोनों की आखिरी मुलाकात उत्तर और दक्षिण कोरिया की सीमा पर स्थित पनमुनजोम में हुई थी।
उस समय दोनों देशों के बीच उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार कार्यक्रम को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन परमाणु निरस्त्रीकरण पर कोई ठोस समझौता नहीं हो सका। अब उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों और मिसाइल कार्यक्रम का विस्तार कर रहा है।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिका उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, ट्रम्प प्रशासन के एक अधिकारी ने 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' को बताया कि किम से मुलाकात कराने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। इस मामले पर उत्तर कोरिया के संयुक्त राष्ट्र मिशन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

