Trump Assassination Plot: ट्रम्प की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल 6 महीने की जेल
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी संघीय अदालत ने उसे आतंकवादी साजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश का दोषी पाया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, मर्चेंट ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के संपर्क में था और अमेरिकी नेताओं की हत्या की योजना बना रहा था।
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित फेडरल कोर्ट के जज एरिक आर. कोमिटी ने 48 वर्षीय मर्चेंट को 330 महीने यानी 27 साल 6 महीने की सजा सुनाई। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, उसने एक राजनीतिक नेता की हत्या कराने के लिए जिन लोगों से संपर्क किया था, वे FBI के अंडरकवर एजेंट थे। मर्चेंट ने उन्हें 5,000 डॉलर एडवांस भी दिए थे।
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था ईरान
अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस साजिश के पीछे ईरान के पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी। सुलेमानी जनवरी 2020 में इराक के बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मर्चेंट को अमेरिका भेजकर वहां के राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया था। इस साजिश का मुख्य संभावित निशाना डोनाल्ड ट्रम्प थे। इसके अलावा तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम भी संभावित निशाने के तौर पर सामने आए थे। उस समय ये तीनों 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े प्रमुख राजनीतिक चेहरे थे।
ईरान में हुई मुलाकातों के बाद अमेरिका पहुंचा मर्चेंट
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट करीब 2022 में IRGC के संपर्क में आया था। धार्मिक यात्राओं के लिए ईरान जाने के दौरान उसकी मुलाकात संगठन के एक हैंडलर यूसुफ मेरहरदाद से कराई गई।
जांच में सामने आया कि मर्चेंट और उसके हैंडलर के बीच करीब डेढ़ साल में तेहरान में लगभग 15 मुलाकातें हुईं। इन मुलाकातों के दौरान उसे खुफिया जानकारी जुटाने और सुरक्षा एजेंसियों से बचने के तरीके सिखाए गए। उसे अमेरिका जाकर राजनीतिक नेताओं की हत्या की योजना बनाने का काम सौंपा गया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मर्चेंट को हत्या के लिए अपराधियों या माफिया से जुड़े लोगों को भर्ती करने का निर्देश दिया गया था। योजना थी कि किसी राजनीतिक रैली के दौरान नेता को निशाना बनाया जाए।
FBI के अंडरकवर एजेंटों को दिए 5 हजार डॉलर
अप्रैल 2024 में ईरान में करीब एक सप्ताह बिताने के बाद मर्चेंट अमेरिका पहुंचा। वहां उसने अपने एक परिचित से हत्या की योजना में मदद मांगी। हालांकि, उस परिचित ने FBI को इसकी जानकारी दे दी और जांच में सहयोग करना शुरू कर दिया।
इसके बाद मर्चेंट ने कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया जिन्हें वह सुपारी लेकर हत्या करने वाले अपराधी समझ रहा था। असल में वे FBI के अंडरकवर एजेंट थे। मर्चेंट उनसे तीन बार मिला और एक राजनीतिक नेता की हत्या कराने की योजना बताई।
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट ने इस काम के लिए 5,000 डॉलर एडवांस दिए थे। यह रकम उसे विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों की मदद से मिली थी। FBI ने पूरी बातचीत और मुलाकातों से जुड़े सबूत जुटाए।
ट्रम्प की रैलियों की लोकेशन भी की थी सर्च
जांच एजेंसियों को मर्चेंट के लैपटॉप, मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से कई अहम सबूत मिले। इनमें 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और डोनाल्ड ट्रम्प से जुड़ी जानकारी खोजने के रिकॉर्ड शामिल थे।
उसने इंटरनेट पर चुनावी रैलियों के बारे में सर्च किया था। इसके अलावा न्यू जर्सी में ट्रम्प की एक रैली की लोकेशन गूगल मैप पर भी खोजी थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कासिम सुलेमानी की तारीफ और अमेरिका तथा ट्रम्प के खिलाफ पोस्ट भी मिली थीं।
इन सबूतों को अभियोजन पक्ष ने हत्या की साजिश में उसकी भूमिका साबित करने के लिए अदालत के सामने पेश किया।
जुलाई 2024 में हुई थी गिरफ्तारी
मर्चेंट को 12 जुलाई 2024 को टेक्सास के रिचमंड में गिरफ्तार किया गया था। उस समय वह अमेरिका से बाहर जाने के लिए एयरपोर्ट रवाना होने वाला था। मार्च 2026 में संघीय जूरी ने उसे आतंकवादी साजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश के आरोपों में दोषी ठहराया था। इसके बाद 17 नवंबर 2026 को उसे 330 महीने की जेल की सजा सुनाई गई।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि अमेरिका अपने नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी संगठनों की साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा। FBI अधिकारियों ने भी इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।
बचाव पक्ष ने क्या कहा?
मर्चेंट ने मुकदमे के दौरान दावा किया था कि ईरानी हैंडलर ने उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी और इसी दबाव में उसने साजिश में हिस्सा लिया। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने इस दलील पर सवाल उठाए और उसके सोशल मीडिया पोस्ट तथा अन्य सबूतों का हवाला दिया।
जज ने माना कि मर्चेंट को अपने परिवार की चिंता थी, लेकिन वह अमेरिका को नुकसान पहुंचाने के लिए भी प्रेरित था। उसके वकील ने कहा है कि मर्चेंट इस फैसले के खिलाफ अपील करने की योजना बना रहा है। वहीं, ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के आरोपों से इनकार किया है।

