UAE में दर्दनाक वारदात: 9 टुकड़ों में काटकर बैग में भरा भारतीय का शव, रहस्यमय तरीके से पत्नी-बेटा लापता!
UAE के शारजाह से कर्नाटक के रहने वाले एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उडुपी जिले के रहने वाले एल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या के बाद उनका शव 9 टुकड़ों में बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, शव के टुकड़ों को दो बैग में भरकर एक कार में रखा गया था।
एल्विन प्रकाश पिछले करीब 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे। घटना की जानकारी उनके भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने दी है। परिवार के मुताबिक, एल्विन की पत्नी टीना कुंदर और उनका बेटा भी शारजाह में रहते थे, लेकिन फिलहाल दोनों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
एक हफ्ते तक नहीं मिला कोई जवाब
परिवार के मुताबिक, एल्विन से संपर्क नहीं होने पर उनके भाई अनिल ने उन्हें फोन किया, लेकिन कई बार कोशिश के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शारजाह में रहने वाले एल्विन के पुराने क्लासमेट मनोहर से संपर्क कर उनका पता लगाने को कहा।
मनोहर एल्विन को कंपनी की ओर से दिए गए फ्लैट पर पहुंचे। वहां मौजूद वॉचमैन ने बताया कि एल्विन भारत जा चुके हैं। इसके बाद परिवार ने कंपनी के HR से संपर्क किया। वहां से भी शुरुआती तौर पर यही जानकारी दी गई कि एल्विन भारत लौट गए हैं।
पासपोर्ट रिकॉर्ड से खुला मामला
एल्विन के भाई ने कंपनी से दोबारा जानकारी जुटाने की अपील की। इसके बाद कंपनी ने उनके पासपोर्ट और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। रिकॉर्ड से पता चला कि एल्विन भारत नहीं गए थे और उस समय भी शारजाह में ही मौजूद थे।
इसके बाद उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को ओमान जाने वाले रास्ते के पास खड़ी एक कार से एल्विन का शव बरामद हुआ। शव को कथित तौर पर 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था।
परिवार को मिली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट
एल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने 21 सितंबर को उडुपी के SP से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। परिवार को 21 सितंबर को एल्विन की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी मिली।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह क्या थी और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शारजाह पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

