Samachar Nama
×

पीओके में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, वीडियो में हजारों लोगों ने कहा- 'हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं'

पीओके में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, वीडियो में हजारों लोगों ने कहा- 'हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं'

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं। मंगलवार को रावलकोट के ईदगाह ग्राउंड में हजारों लोगों की भीड़ जुटी, जहां प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दावा किया कि पीओके पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है।

यह आंदोलन जम्मू-कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) की अगुआई में चल रहा है। प्रदर्शनकारी राजनीतिक अधिकारों, आर्थिक समस्याओं और सरकार की नीतियों के विरोध में लगातार आवाज उठा रहे हैं। रैली में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आंदोलन को और मजबूती दी है।

JAAC प्रमुख शौकत नवाज मीर गिरफ्तार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, JAAC के प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर को उनके दो साथियों के साथ धीरकोट के सांगर फत्तारे इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा संगठन के 600 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है। इन गिरफ्तारियों के बाद पीओके में तनाव और बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने पहले शौकत नवाज मीर और अन्य JAAC नेताओं की गिरफ्तारी की सूचना देने वा के लिए 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। अब उनकी गिरफ्तारी के बाद आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

'हमें आपके राशन की नहीं, आपको हमारी जरूरत'

आंदोलन के दौरान नेता सरदार अमन खान ने पाकिस्तान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "हमें आपके राशन की जरूरत नहीं, आपको हमारी जरूरत है। अगर जरूरी सामान की सप्लाई बंद रही तो लोग जिंदा रहने के लिए दूसरा रास्ता चुनने को मजबूर होंगे।" उनके इस बयान को प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन दिया।

बढ़ सकता है राजनीतिक तनाव

विश्लेषकों का मानना है कि पीओके में बढ़ते विरोध प्रदर्शन और बड़े पैमाने पर हुई गिरफ्तारियां क्षेत्र में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा सकती हैं। लगातार हो रहे प्रदर्शनों से पाकिस्तान सरकार पर दबाव बढ़ रहा है, जबकि आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Share this story

Tags