ट्रम्प के 80वें जन्मदिन पर व्हाइट हाउस बनेगा फाइटिंग एरीना, वीडियो में देंखे UFC मुकाबलों का होगा भव्य आयोजन
अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump अपने 80वें जन्मदिन को बेहद खास अंदाज में मनाने जा रहे हैं। 14 जून को व्हाइट हाउस में दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स संस्था Ultimate Fighting Championship यानी UFC के मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा। इस खबर के सामने आते ही दुनियाभर में इसकी चर्चा तेज हो गई है। यूएफसी के अध्यक्ष Dana White ने बताया कि व्हाइट हाउस में फाइट्स कराने का आइडिया खुद राष्ट्रपति ट्रम्प ने दिया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अमेरिकी इतिहास के सबसे अनोखे कार्यक्रमों में से एक होगा। इसके लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन को अस्थायी फाइटिंग एरीना में बदला जा रहा है।
व्हाइट हाउस में बनेगा खास फाइटिंग जोन
जानकारी के मुताबिक, व्हाइट हाउस परिसर में एक विशेष फाइटिंग एरिया तैयार किया जा रहा है, जहां करीब 4 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। यह आयोजन पूरी तरह हाई-प्रोफाइल और भव्य अंदाज में किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां भी इस आयोजन को लेकर खास तैयारियों में जुट गई हैं।यूएफसी फाइट्स को लाइव देखने के लिए बड़ी संख्या में मेहमानों, खेल हस्तियों और राजनीतिक चेहरों के पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि आयोजन को ग्लोबल स्तर पर प्रसारित करने की भी तैयारी की जा रही है।
लाखों लोग मुफ्त में देख सकेंगे मुकाबले
व्हाइट हाउस के पास स्थित एलिप्स फील्ड में भी बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यहां विशाल LED स्क्रीनें लगाई जाएंगी, ताकि आम लोग भी मुकाबलों का आनंद ले सकें। आयोजकों के मुताबिक, यहां 75 हजार से लेकर 1 लाख तक लोग मुफ्त में लाइव फाइट्स देख सकेंगे।इस आयोजन को लेकर अमेरिकी युवाओं और खेल प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग इसे लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स इसे “व्हाइट हाउस का सबसे अलग आयोजन” बता रहे हैं।
UFC क्या है?
Ultimate Fighting Championship दुनिया की सबसे लोकप्रिय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स संस्था मानी जाती है। इसमें बॉक्सिंग, रेसलिंग, जूडो, कराटे, किकबॉक्सिंग और अन्य फाइटिंग खेलों के खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करते हैं। UFC के मुकाबले दुनियाभर में करोड़ों लोग देखते हैं और इसके फाइटर्स ग्लोबल स्टार माने जाते हैं।
ट्रम्प और UFC का पुराना रिश्ता
डोनाल्ड ट्रम्प और UFC के बीच संबंध लंबे समय से रहे हैं। ट्रम्प पहले भी कई UFC इवेंट्स में नजर आ चुके हैं और वह सार्वजनिक रूप से इस खेल के बड़े समर्थक माने जाते हैं। UFC चीफ डाना व्हाइट भी कई मौकों पर ट्रम्प के करीबी सहयोगी के तौर पर देखे गए हैं।अब ट्रम्प के 80वें जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में होने वाला यह आयोजन राजनीति और खेल के अनोखे मेल के रूप में देखा जा रहा है। अमेरिका ही नहीं, दुनिया भर की नजरें इस ऐतिहासिक इवेंट पर टिकी हुई हैं।

