इंडोनेशिया के डे-केयर सेंटर की प्रिंसिपल को 5 साल जेल, 53 बच्चों से मारपीट और बुरा बर्ताव; कपड़ों से बांधकर रखते थे हाथ-पैर
इंडोनेशिया के योग्याकार्ता शहर में बच्चों के साथ क्रूरता के मामले में अदालत ने डे-केयर सेंटर की पूर्व प्रिंसिपल को पांच साल जेल की सजा सुनाई है। लिटिल अरेशा नाम के इस डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और उन्हें बांधकर रखने जैसे गंभीर मामले सामने आए थे। पुलिस की छापेमारी के दौरान छोटे बच्चों के हाथ-पैर कपड़ों से बंधे मिले थे। इस घटना ने पूरे इंडोनेशिया में लोगों को आक्रोशित कर दिया था।
योग्याकार्ता जिला अदालत ने गुरुवार, 19 नवंबर को डे-केयर सेंटर की प्रिंसिपल अनिता पालुपी इंदाहसारी को दोषी ठहराते हुए पांच साल कैद की सजा सुनाई। अदालत ने उन पर 51 करोड़ इंडोनेशियाई रुपिया का जुर्माना भी लगाया है। यह भारतीय मुद्रा में करीब 28 लाख रुपये के बराबर है। अदालत के मुताबिक, अनिता बच्चों की देखभाल में लापरवाही बरतने, बिना जरूरी अनुमति के संस्थान चलाने और बच्चों के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा को रोकने में नाकाम रहने की दोषी हैं।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आई बच्चों के साथ क्रूरता
यह मामला इस साल अप्रैल में सामने आया था। पुलिस ने लिटिल अरेशा डे-केयर सेंटर पर छापा मारा था। इस दौरान दो से छह साल तक के कई बच्चे फर्श पर केवल नैपी पहने हुए मिले। उनके हाथ और पैर कपड़ों के टुकड़ों से बंधे हुए थे। कुछ बच्चों को दरवाजों से भी बांधा गया था।
बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी बच्चों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार की तस्वीरें दिखाई दीं। जांच में आरोप लगा कि कर्मचारियों ने बच्चों को नियंत्रित रखने के लिए उनके हाथ-पैर बांधे, उन्हें थप्पड़ मारे और चुटकी काटी। कर्मचारियों ने कथित तौर पर बच्चों को संभालने में आसानी होने का हवाला देकर ऐसा किया था।
मामले की जांच में 53 बच्चों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने अदालत की कार्यवाही के दौरान कुल 144 बच्चों को पीड़ित बताया था। पुलिस ने इस मामले में कुल 32 लोगों को संदिग्ध के रूप में चिह्नित किया था।
प्रिंसिपल को मांगी गई सजा से आधी सजा मिली
अभियोजन पक्ष ने अनिता के लिए 10 साल जेल की सजा की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें पांच साल की कैद सुनाई। इसके अलावा 51 करोड़ रुपिया का जुर्माना भी लगाया गया। फैसले के बाद पीड़ित बच्चों के परिजनों ने नाराजगी जताई। एक अभिभावक त्रि सुसिलावती ने कहा कि बच्चों के साथ जो कुछ हुआ, उसके मुकाबले यह सजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभियोजन पक्ष फैसले के खिलाफ अपील करेगा।
11 कर्मचारियों को भी हो चुकी है जेल
इस मामले में डे-केयर सेंटर की 11 महिला कर्मचारियों को भी अक्टूबर में सजा सुनाई जा चुकी है। अदालत ने अलग-अलग कर्मचारियों को दो से तीन साल तक की जेल दी थी। वहीं, सेंटर संचालित करने वाली संस्था की प्रमुख दिया कुसुमास्तुति पर भी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करवाने और बिना अनुमति संस्थान चलाने के आरोप में अलग से मुकदमा चलाया गया।
घटना सामने आने के बाद इंडोनेशिया में डे-केयर सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी निगरानी को लेकर सवाल उठे हैं। अधिकारियों ने देशभर में ऐसे केंद्रों की जांच और पंजीकरण व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई है। इस मामले ने एक बार फिर बच्चों की देखभाल करने वाले संस्थानों में कर्मचारियों की संख्या, प्रशिक्षण और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

