TikTok फॉलोअर्स की सनक बनी जानलेवा: पाकिस्तान में छोटी बहन की लोकप्रियता से चिढ़कर बड़ी बहन ने की हत्या
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां टिकटॉक फॉलोअर्स को लेकर दो सगी बहनों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ी बहन ने अपनी 15 साल की छोटी बहन की चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, 18 साल की बड़ी बहन को इस बात की जलन थी कि उसकी छोटी बहन के टिकटॉक पर उससे ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे।
पुलिस का कहना है कि बड़ी बहन अक्सर अपनी छोटी बहन पर आरोप लगाती थी कि उसने उसके फॉलोअर्स अपनी तरफ खींच लिए हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
फॉलोअर्स को लेकर बढ़ता गया विवाद
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले में हुई। यह इलाका राजधानी लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें सोशल मीडिया के जरिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान टिकटॉक पर किसके ज्यादा फॉलोअर्स हैं, इसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।
मंगलवार रात दोनों के बीच फिर बहस हुई। 18 वर्षीय कायनात ने अपनी 15 वर्षीय बहन जोबिया पर आरोप लगाया कि वह उसके टिकटॉक फॉलोअर्स छीन रही है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कायनात ने कथित तौर पर किचन का चाकू उठा लिया और अपनी बहन की पीठ में वार कर दिया।
अस्पताल ले जाने के बावजूद नहीं बची जान
चाकू लगने से जोबिया गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी मोहम्मद अफजल के मुताबिक, पुलिस ने कायनात को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर अपनी बहन से जलन होने की बात कही। अधिकारी के अनुसार, कायनात को लगता था कि उसकी छोटी बहन के ज्यादा फॉलोअर्स होने की वजह से उसके अपने फॉलोअर्स कम हो रहे हैं।
हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी बड़ी बहन को गिरफ्तार करने के साथ ही कथित वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस को शिकायत मृतका और आरोपी की पिता अब्दुल शकूर ने दर्ज कराई थी। वह पेशे से ड्राइवर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दोनों बेटियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने पैरों पर खड़े होने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद की थी।

