180 यात्रियों की सांसें अटकीं! हाइजैक की खबर से इजराइल में हड़कंप, लैंडिंग के बाद निकला पायलटों का झगड़ा
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में अचानक हाइजैक का अलर्ट मिलने से हड़कंप मच गया। विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और उसके कुछ देर बाद 7500 भेजा। एविएशन में 7500 कोड का इस्तेमाल हाइजैक की स्थिति के संकेत के तौर पर किया जाता है।अलर्ट मिलते ही इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विमान की ओर इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट भी भेजे गए। हालांकि, कुछ ही देर बाद सामने आया कि विमान वास्तव में हाइजैक नहीं हुआ था।जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने अपना रास्ता बदल दिया और सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें 150 से ज्यादा इजराइली नागरिक बताए गए हैं।
पायलटों के बीच हुई थी हाथापाई?
मामले में बाद में इजराइली सूत्रों के हवाले से बताया गया कि विमान में हाइजैक जैसी कोई स्थिति नहीं थी, बल्कि दोनों पायलटों के बीच विवाद हो गया था। वहीं, CNN की रिपोर्ट में दावा किया गया कि दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर हाथापाई तक हुई थी।इसी विवाद के दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पायलटों के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच जारी है।
सऊदी अरब के ऊपर अचानक बदला फ्लाइट का रूट
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान सऊदी अरब के ऊपर पहुंचने के बाद अपने निर्धारित रास्ते से मुड़ गया था। बताया गया कि विमान ने महज करीब दो मिनट में अपनी ऊंचाई लगभग 34 हजार फीट से घटाकर 16,600 फीट कर ली।
इसके करीब 12 मिनट बाद विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। कुछ समय के लिए फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइटों पर विमान की स्थिति दिखाई देना भी बंद हो गई थी।
इजराइल में भी मचा हड़कंप
हाइजैक अलर्ट मिलने के बाद इजराइल में सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। हिब्रू मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के बीच भी इस मामले को लेकर इमरजेंसी बातचीत हुई।अधिकारियों ने विमान की स्थिति और उसमें सवार यात्रियों से जुड़ी जानकारी जुटाई। इसी दौरान इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को भी विमान की ओर रवाना किया गया।फिलहाल विमान सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतर चुका है। पायलटों के बीच विवाद किस वजह से हुआ और इमरजेंसी कोड भेजने की पूरी स्थिति क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।

