Samachar Nama
×

पाकिस्तान में पुलिस टीम पर आतंकियों का घात लगाकर हमला, DSP और SI समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत; 12 घायल

पाकिस्तान में पुलिस टीम पर आतंकियों का घात लगाकर हमला, DSP और SI समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत; 12 घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने बुधवार को पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया। कोहाट जिले में घात लगाकर किए गए इस हमले में एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) और एक सब-इंस्पेक्टर (SI) समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। हमले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

अवैध सोने के खनन के खिलाफ अभियान से लौट रही थी टीम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस की टीम कोहाट जिले के गंबट इलाके में अवैध सोने के खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए गई थी। अभियान पूरा करने के बाद जब पुलिसकर्मी लौट रहे थे, तभी कोहाट और करक के बीच दरबोकाच जालंधर बांदा इलाके में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नोमान जेब के मुताबिक, हमलावरों ने ऊंचाई वाले स्थानों से पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं। अचानक हुए हमले के कारण पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। हमले में पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।

DSP हैदर जमां और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार की भी मौत

पुलिस प्रवक्ता ने मृतकों में गंबट के DSP हैदर जमां और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार की पहचान की है। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या 10 बताई गई थी, लेकिन रेस्क्यू 1122 की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बाद में यह संख्या बढ़कर 11 हो गई। हमले में 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस वाहनों और भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। घायलों के इलाज के लिए जिला मुख्यालय टीचिंग अस्पताल में इमरजेंसी घोषित की गई। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पांच पुलिस वाहनों को आग लगाने की खबर

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने गोलीबारी के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में तलाशी और सुरक्षा अभियान तेज किया गया। खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने हमले की निंदा करते हुए मृतक पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

18 आतंकियों के मारे जाने का भी दावा

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा पुलिस विभाग की ओर से जारी बयान में दावा किया गया कि पुलिसकर्मियों ने हमलावरों का जवाब दिया और मुठभेड़ में 18 आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने इस हमले के पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकियों का हाथ बताया है। हालांकि, इस दावे और हमले की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में विवरण कुछ अलग हैं।

खैबर पख्तूनख्वा में लगातार निशाने पर पुलिसकर्मी

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले कुछ महीनों से पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे पहले अक्टूबर में करक और कोहाट की सीमा के पास पुलिस गश्ती दल पर हमला हुआ था, जिसमें पुलिस अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के चलते प्रांत में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

Share this story

Tags