Samachar Nama
×

ब्रिटेन में एयरबेस के पास आतंकी साजिश का शक, फुटेज में देंखे 5 गिरफ्तार; 85 घर खाली कराए गए

ब्रिटेन में एयरबेस के पास आतंकी साजिश का शक, फुटेज में देंखे 5 गिरफ्तार; 85 घर खाली कराए गए

ब्रिटेन में अमेरिकी वायुसेना के महत्वपूर्ण एयरबेस RAF फेयरफोर्ड के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ग्लॉस्टरशायर स्थित एयरबेस के आसपास रविवार सुबह संदिग्ध वैन देखे जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में संदिग्धों को विस्फोटक से जुड़े अपराधों के शक में पकड़ा गया था। बाद में पुलिस ने मामले में आतंकी हमले की साजिश की आशंका को भी जांच के दायरे में शामिल किया। घटना की सूचना रविवार सुबह एक महिला ने पुलिस को दी थी। महिला के मुताबिक, उसने एयरबेस की ओर जाने वाले रास्ते में तीन संदिग्ध सफेद वैन देखीं। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी। एहतियात के तौर पर आसपास के गांव के करीब 85 घरों को खाली कराया गया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजकर इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।

पार्टी से लौट रही महिला ने दी सूचना

BBC से बातचीत में महिला ने बताया कि वह एक पार्टी से अपने घर लौट रही थी। जब वह घर के पास पहुंची तो रास्ते में तीन सफेद वैन खड़ी दिखाई दीं। रास्ता बंद होने के कारण उसे अपनी कार वापस मोड़नी पड़ी। महिला के मुताबिक, जब वह कुछ दूरी तक आगे गई तो उसने कई नकाब पहने लोगों को देखा। जैसे ही संदिग्धों की नजर उसकी कार पर पड़ी, वे वहां से भागने लगे। कुछ लोग खेतों और जंगल की तरफ चले गए, जबकि कुछ पास के गांव की दिशा में भागे।महिला ने बताया कि उसे पहले से जानकारी थी कि एयरबेस के आसपास सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। इसलिए उसने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले रक्षा मंत्रालय की पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया और इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान शुरू किया। संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए आसपास के रास्तों को बंद किया गया और लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। करीब 85 घरों को खाली कराए जाने के बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों को यह पता लगाने की कोशिश है कि संदिग्ध एयरबेस के आसपास क्यों मौजूद थे और उनका आपस में क्या संबंध था। जांच में वैन, संदिग्धों की गतिविधियों और संभावित विस्फोटक सामग्री से जुड़े पहलुओं को भी देखा जा रहा है।

अमेरिकी वायुसेना का अहम ठिकाना है RAF फेयरफोर्ड

इंग्लैंड के ग्लॉस्टरशायर में स्थित RAF फेयरफोर्ड अमेरिकी वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण एयरबेस माना जाता है। यह ब्रिटेन में अमेरिकी सैन्य अभियानों से जुड़े प्रमुख ठिकानों में शामिल रहा है। ईरान के खिलाफ जंग के दौरान अमेरिकी लड़ाकू और बॉम्बर विमान भी इसी एयरबेस से उड़ान भरते रहे हैं।एयरबेस की रणनीतिक और सैन्य अहमियत को देखते हुए यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद संवेदनशील रहती है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं। फिलहाल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है और आतंकी साजिश से जुड़े संदेह की जांच जारी है।

Share this story

Tags