Samachar Nama
×

बांग्लादेश में अवामी लीग के लॉकडाउन से बढ़ा तनाव, शेख हसीना के गृह जिले में विकास का पैसा रोका

बांग्लादेश में अवामी लीग के लॉकडाउन से बढ़ा तनाव, शेख हसीना के गृह जिले में विकास का पैसा रोका

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में सरकार ने विकास कार्यों के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद रोक दी है। जिले की कम से कम पांच ट्रेनें बंद हैं और दो पुलिस थानों में भी सामान्य कामकाज ठप पड़ा है। इसी बीच अवामी लीग ने आज से देशभर में लॉकडाउन का ऐलान किया है। पार्टी ने यह कदम शेख हसीना की वापसी और राजनीतिक गतिविधियों पर लगी रोक के विरोध में उठाया है।

अवामी लीग ने लॉकडाउन के साथ सरकार के सामने आठ मांगें रखी हैं। इनमें पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाने और राजनीतिक बंदियों को रिहा करने की मांग प्रमुख है। दूसरी ओर, सरकार ने संभावित हिंसा और हसीना की वापसी को लेकर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

हिंसा के बाद गोपालगंज को मिलने वाली आर्थिक मदद पर रोक

गोपालगंज में 15 नवंबर को अवामी लीग के सैकड़ों समर्थकों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान सरकारी इमारतों, पुलिस थानों और BNP नेताओं की संपत्तियों को निशाना बनाया गया था। कई जगह आगजनी की घटनाएं भी हुई थीं। इसके बाद तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP सरकार ने जिले की स्थानीय निकायों को मिलने वाली आर्थिक सहायता रोकने का फैसला किया।

ढाका के अखबार प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, जिला परिषद, उपजिला परिषद, नगरपालिकाओं और यूनियन परिषदों को मिलने वाली आर्थिक मदद की तीसरी किस्त रोक दी गई है। यह राशि जनवरी से मार्च 2027 के बीच जारी होनी थी। आमतौर पर इन निकायों को साल में चार किस्तों में पैसा मिलता है।

BBC की रिपोर्ट के अनुसार, जिले के विकास कार्यों के लिए पहले से मंजूर करीब 5 अरब टका की राशि भी रोक दी गई है। इससे क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं पर असर पड़ने की आशंका है।

पांच ट्रेनें बंद, दो पुलिस थानों में कामकाज ठप

गोपालगंज को दूसरे शहरों से जोड़ने वाली कम से कम पांच ट्रेनें फिलहाल बंद हैं। रेलवे और गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा कारणों से इन्हें दोबारा शुरू करने को लेकर अभी सहमति नहीं बनी है। अधिकारियों को आशंका है कि रेल सेवाएं बहाल होने पर तोड़फोड़ की घटनाएं हो सकती हैं।

हालांकि, बांग्लादेश रेलवे के पश्चिमी जोन के अधिकारियों ने ढाका और खुलना के बीच नई ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव दिया है। इन ट्रेनों का मार्ग गोपालगंज से होकर नहीं गुजरेगा।

ट्रेनों के बंद होने से आम यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर ढाका आने-जाने वाले उन लोगों पर इसका असर पड़ा है, जो कम खर्च में सफर के लिए रेल सेवाओं पर निर्भर रहते हैं।

जिले के तुंगीपारा और मुक्सुदपुर पुलिस थानों में भी कामकाज प्रभावित है। 17 और 19 नवंबर को दोनों थानों की इमारतों में आग लगा दी गई थी। फिलहाल इन थानों का काम गोपालगंज सदर पुलिस थाना संभाल रहा है।

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं शेख हसीना

इस बीच शेख हसीना ने पहली बार अपने देश लौटने के लिए तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापस जाना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री सरकारी एयरलाइन विमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं।

16 दिसंबर बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद बांग्लादेश की आजादी का रास्ता साफ हुआ था।

ऐसे में हसीना की प्रस्तावित वापसी और अवामी लीग के लॉकडाउन के ऐलान ने देश में राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं।

Share this story

Tags