Samachar Nama
×

UAE के पास कच्चे तेल से भरे टैंकर पर हमला, फुटेज में देंखे 19 भारतीय नाविकों समेत 22 लोग थे सवार; सभी सुरक्षित

UAE के पास कच्चे तेल से भरे टैंकर पर हमला, फुटेज में देंखे 19 भारतीय नाविकों समेत 22 लोग थे सवार; सभी सुरक्षित

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के पास कच्चे तेल से भरे एक टैंकर पर बुधवार को हमला हुआ। हमले के समय जहाज पर 19 भारतीय नाविकों समेत कुल 22 लोग सवार थे। UAE कोस्ट गार्ड ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी।

मीना साकर तट के पास हुआ हमला

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के मुताबिक, हमले का शिकार हुआ टैंकर लाइबेरिया के झंडे वाला जहाज था। इसका नाम MT डोमिनिका प्रॉस्पेरिटी है। घटना के समय यह UAE के मीना साकर तट के पास मौजूद था। जहाज पर सवार सभी 22 लोगों को UAE कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।इस जहाज पर 19 भारतीय नाविक भी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सभी नाविकों समेत जहाज पर सवार किसी भी व्यक्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।

भारत सरकार कंपनी के संपर्क में

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत सरकार जहाज की मैनेजमेंट कंपनी के संपर्क में है। घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर संबंधित पक्षों के साथ समन्वय किया जा रहा है।टैंकर पर हुए हमले के कारणों और इसके पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पश्चिम एशिया संघर्ष में 15 भारतीय नाविकों की मौत

पश्चिम एशिया में 28 फरवरी 2026 को संघर्ष शुरू होने के बाद से भारतीय नागरिकों की मौत के मामले भी सामने आए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 3 नवंबर को जानकारी दी थी कि इस संघर्ष में अब तक कुल 23 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। इनमें 15 नाविक शामिल थे।ऐसे में UAE के पास भारतीय नाविकों से भरे टैंकर पर हुआ हमला समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला है। हालांकि, इस घटना में सभी 19 भारतीय नाविकों सहित जहाज पर मौजूद 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

Share this story

Tags