Jensen Huang की वापसी पर बढ़ा सस्पेंस, बोले- बोर्ड चाहे तो CEO पद संभालने को तैयार
एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग ने पद छोड़ने के कुछ दिनों बाद पहली बार सार्वजनिक बयान जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अगर कंपनी का बोर्ड शेयरहोल्डर्स, कर्मचारियों, एनवीडिया और अमेरिका के हित में उनकी वापसी को सही मानता है, तो वह दोबारा CEO की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं।
हुआंग ने अपने बयान में कहा कि अगर बोर्ड उनकी वापसी के लिए अपील करता है तो वह उस पर प्रतिक्रिया देने और CEO के रूप में लौटने को सम्मान की बात मानेंगे। हालांकि, एनवीडिया के चेयरमैन ने साफ किया है कि फिलहाल बोर्ड का हुआंग को दोबारा CEO बनाने का कोई इरादा नहीं है।
इस्तीफे के बाद बयान क्यों अहम है?
हुआंग का यह बयान ऐसे समय आया है जब उनके इस्तीफे को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर पद पर लौटने की मांग नहीं की, बल्कि कहा कि अगर बोर्ड फैसला करता है तो वह वापसी के लिए तैयार हैं। इसे उनकी ओर से संभावित वापसी का संकेत माना जा रहा है।
उन्होंने अपने बयान में अपनी कुछ गंभीर गलतियों और बोर्ड के सामने पैदा हुई समस्याओं का भी जिक्र किया, लेकिन विवाद से जुड़े आरोपों पर विस्तार से बात नहीं की। साथ ही उन्होंने अमेरिका, अमेरिकी नागरिकों और देश के हितों का उल्लेख करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की।
हुआंग ने अपने परिवार से भी माफी मांगी। उन्होंने पत्नी और बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी जताते हुए कहा कि वह अपनी बाकी जिंदगी उनके भरोसे और सम्मान के लायक बनने में बिताएंगे।
1.90 लाख से ज्यादा लोगों ने किया समर्थन
जेन्सन हुआंग की एनवीडिया में वापसी की मांग को लेकर ऑनलाइन याचिका पर 1.90 लाख से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं। टेक इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग की वापसी का समर्थन किया है।
अमेरिकी संसद के सामने भी पेश होंगे हुआंग
एनवीडिया के AI चिप्स चीन भेजने और अमेरिकी निर्यात नियमों के संभावित उल्लंघन को लेकर कंपनी जांच के दायरे में है। अमेरिकी संसद की प्रमुख समितियों के मुताबिक, हुआंग 1 दिसंबर को उनके सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे। इसके एक दिन बाद 2 दिसंबर को कंपनी के जनरल काउंसल टिम टेटर से भी सवाल-जवाब किए जाएंगे।
कंपनी ने नियमों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए बोर्ड की एक नई समिति भी बनाई है। यह समिति दूसरे देशों को चिप्स की बिक्री और अमेरिकी नियमों के पालन की समीक्षा करेगी।
चीनी कारोबारी महिला से जुड़े आरोपों की जांच
हुआंग के चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से कथित संबंधों को लेकर भी जांच जारी है। आरोप है कि एलिस के चीन की खुफिया एजेंसी से संबंध हो सकते हैं। अमेरिकी एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या एनवीडिया के एडवांस AI चिप्स चीन तक पहुंचाने या कंपनी की संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोई कोशिश हुई थी।
अमेरिकी न्याय विभाग भी मामले की जांच कर रहा है। वहीं, अमेरिकी संसद ने एलिस हुआंग को बंद कमरे में होने वाली बैठक में जानकारी देने के लिए बुलाया है। ऐसे में जेन्सन हुआंग का ताजा बयान उनकी संभावित वापसी और एनवीडिया से जुड़े विवादों के बीच काफी अहम माना जा रहा है।

