फिलीपींस के स्कूल में छात्र ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे क्लासमेट और दो गार्ड की मौत; 9 घायल
फिलीपींस के जाम्बोआंगा शहर में मंगलवार को एक स्कूल कैंपस में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। एक छात्र ने अपने ही स्कूल के क्लासमेट पर गोली चला दी। इसके बाद आरोपी छात्र ने खुद भी जान दे दी। इस गोलीबारी में एक छात्र और दो सुरक्षा गार्डों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना एटेनियो डी जाम्बोआंगा यूनिवर्सिटी के स्कूल कैंपस में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रशासन ने तत्काल छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। छोटे बच्चों को शिक्षकों की निगरानी में सुरक्षित रखा गया और सभी छात्रों की गिनती की गई। घटना के बाद स्कूल में सीनियर हाईस्कूल की कक्षाएं बंद कर दी गईं।
दो पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था छात्र
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कक्षा 9 के छात्र मोहम्मद मैल जलानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दो पिस्तौल लेकर स्कूल कैंपस में पहुंचा था। इसके बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले एक शिक्षक को निशाना बनाकर गोली चलाई। शिक्षक इस हमले में बच गए। इसके बाद आरोपी ने कक्षा 10 के एक छात्र पर गोली चला दी। गोली लगने से छात्र की मौत हो गई।फायरिंग के दौरान स्कूल में मौजूद दो सुरक्षा गार्ड भी मारे गए। इसके अलावा 9 अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
सीढ़ियों से ऊपर गया और कूदकर दी जान
फायरिंग करने के बाद आरोपी छात्र स्कूल की ऊपरी मंजिल की तरफ चला गया। पुलिस के मुताबिक वहां पहुंचने के बाद उसने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।फिलीपींस के गृह मामलों के मंत्री जॉनविक रेमुल्ला ने बताया कि आरोपी छात्र सीढ़ियों से ऊपर जाते समय फेसबुक पर वीडियो लाइव कर रहा था। पुलिस अब इस वीडियो और आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और छात्रों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया। स्कूल प्रशासन ने बताया कि छोटे बच्चों को सुरक्षित रखा गया है और सभी बच्चों की गिनती पूरी कर ली गई है। बच्चे फिलहाल अपने शिक्षकों के साथ हैं।स्कूल की ओर से सीनियर हाईस्कूल की कक्षाएं बंद करने का फैसला लिया गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।
हमले की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कक्षा 9 के छात्र ने अपने क्लासमेट, शिक्षक और सुरक्षा गार्डों को निशाना क्यों बनाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले से दो पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था, जिससे पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उसे हथियार कहां से मिले।पुलिस आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों, फेसबुक लाइव वीडियो और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और छात्रों तथा शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।

