Samachar Nama
×

कॉकपिट में पायलटों के बीच चाकूबाजी, फुटेज में देंखे यात्री ने हमलावर को पकड़ा; नेतन्याहू ने बताया हीरो

कॉकपिट में पायलटों के बीच चाकूबाजी, फुटेज में देंखे यात्री ने हमलावर को पकड़ा; नेतन्याहू ने बताया हीरो

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच विवाद के बाद चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया। घटना के दौरान विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर कथित तौर पर ओमानी पायलट ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। इस दौरान एक यात्री ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने और विमान को संभालने में मदद की।इस यात्री की पहचान इजराइली नागरिक यानिव हायून के रूप में बताई गई है। खास बात यह है कि हायून के पास विमान उड़ाने की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्हें विमान के कंट्रोल के बारे में एक टीवी शो देखकर कुछ जानकारी मिली थी।

चीख सुनकर कॉकपिट तक पहुंचा यात्री

यानिव हायून ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को घटना के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें कॉकपिट की तरफ से चीखने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद वह एक अन्य यात्री के साथ कॉकपिट की ओर गए।हायून के मुताबिक, कॉकपिट में पहुंचने पर उन्होंने भारतीय कप्तान स्मित मच्छर को घायल हालत में जमीन पर पड़ा देखा। वहीं दूसरा पायलट विमान के कंट्रोल पर मौजूद था। हायून ने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे बाहर मौजूद यात्रियों को अंदर आने का मौका मिला।

हमलावर पायलट को पकड़कर बाहर किया

कॉकपिट के अंदर पहुंचने के बाद हायून ने हमलावर पायलट को पकड़ लिया और उसे विमान के कंट्रोल पैनल से दूर खींचकर बाहर किया। इसके बाद उन्होंने अन्य यात्रियों से मदद मांगी।हायून के अनुसार, कुल तीन यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया। यात्रियों ने हेडफोन की तार की मदद से उसके हाथ बांध दिए, ताकि वह दोबारा हमला न कर सके।घटना के दौरान विमान के तेजी से नीचे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि यात्रियों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।

खून से सने कपड़ों में नेतन्याहू से मिले

घटना के बाद यानिव हायून खून से सने कपड़ों में ही इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री को फ्लाइट के अंदर हुई पूरी घटना की जानकारी दी।नेतन्याहू ने हायून के साहस की तारीफ की और उन्हें हीरो बताया। हायून ने बताया कि कॉकपिट में पहुंचने के बाद उन्होंने स्थिति को समझते हुए हमलावर को कंट्रोल पैनल से दूर करने पर ध्यान दिया।aफ्लाइट में हुई इस घटना के बाद विमान की सुरक्षा और कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई झड़प को लेकर जांच की जा रही है। घटना में घायल भारतीय पायलट स्मित मच्छर की भूमिका भी सामने आई है, जिन्होंने घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों को अंदर आने का मौका दिया।

Share this story

Tags