Space Mission: चीन की मदद से अंतरिक्ष पहुंचे पाकिस्तान के जीशान अली, तियांगोंग स्टेशन पर जाने वाले बने पहले विदेशी यात्री
पाकिस्तान के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए बुधवार को एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी। देश के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में मोहम्मद जीशान अली चीन के शेनझोउ-24 मिशन के तहत अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए। इस मिशन के साथ वह चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। स्टेशन पर वह करीब एक सप्ताह तक रहेंगे और पाकिस्तान की ओर से चुने गए चार वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देंगे।
जीशान के साथ चीन के दो अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी मिशन का हिस्सा हैं। तांग होंगबो इस मिशन की कमान संभाल रहे हैं, जबकि जीशान की मुख्य जिम्मेदारी वैज्ञानिक प्रयोगों को पूरा करना होगी। चीन ने उनके खानपान का भी विशेष ध्यान रखा है और उनके लिए हलाल भोजन की व्यवस्था की गई है।
पाकिस्तान ने चुने थे दो उम्मीदवार
इस अंतरिक्ष मिशन के लिए पाकिस्तान ने जीशान अली और खुर्रम दाऊद को उम्मीदवार बनाया था। दोनों ने चीन में कई महीनों तक विशेष प्रशिक्षण लिया। ट्रेनिंग और चयन प्रक्रिया के बाद जीशान को मुख्य अंतरिक्ष यात्री चुना गया, जबकि खुर्रम दाऊद को बैकअप के तौर पर रखा गया।
बुधवार सुबह जीशान ने चीन के जियुक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी। उन्हें लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। इस मिशन के लिए पाकिस्तान ने चीन की तकनीकी और अंतरिक्ष संबंधी सुविधाओं का सहयोग लिया, क्योंकि उसके पास फिलहाल इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने की अपनी स्वतंत्र क्षमता नहीं है।
पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने जीशान की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और दोनों चयनित उम्मीदवारों की सराहना की।
पाकिस्तानी वायुसेना में फाइटर पायलट हैं जीशान
मोहम्मद जीशान अली पाकिस्तानी वायुसेना में फाइटर पायलट हैं। अंतरिक्ष मिशन के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने चीन में कठिन प्रशिक्षण लिया। इसमें चीनी भाषा सीखने के साथ अंतरिक्ष यान के संचालन और स्पेस स्टेशन पर काम करने की तैयारी शामिल थी।
जीशान ने जीरो ग्रैविटी यानी भारहीनता की स्थिति में काम करने का अभ्यास भी किया। इसके अलावा उन्हें सेंट्रीफ्यूज, आपातकालीन परिस्थितियों और बचाव अभियान से जुड़ी ट्रेनिंग दी गई।
जीशान के मुताबिक, प्रशिक्षण के दौरान उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण काम चीनी भाषा सीखना था। अंतरिक्ष यान के कई स्विच, सॉफ्टवेयर और मशीनों से जुड़े निर्देश चीनी भाषा में होते हैं। ऐसे में उन्हें सामान्य बातचीत के साथ तकनीकी चीनी भाषा पर भी पकड़ बनानी पड़ी।
चांद पर रोवर भेजने की तैयारी में दोनों देश
पाकिस्तान और चीन के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग जारी है। चीन ने पाकिस्तान के कई उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने में मदद की है। अब दोनों देश चंद्र मिशन में भी साथ काम करने की तैयारी कर रहे हैं।
योजना के मुताबिक, 2028 के आसपास चीन के चांग'ई-8 मिशन के जरिए पाकिस्तान में विकसित रोवर को चांद की सतह पर भेजने की योजना है। इससे पाकिस्तान को चंद्र अन्वेषण से जुड़े वैज्ञानिक प्रयोगों में भाग लेने का अवसर मिल सकता है।
चीन का अंतरिक्ष कार्यक्रम भी तेजी से बढ़ रहा
चीन ने 2022 में अपने तियांगोंग स्पेस स्टेशन का निर्माण पूरा किया था। अब वह अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम में दूसरे देशों के वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों को भी शामिल कर रहा है। चीन की योजना 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चांद की सतह पर उतारने की है।
जीशान अली का मिशन पाकिस्तान और चीन के बीच अंतरिक्ष सहयोग का नया अध्याय माना जा रहा है।

