Sheikh Hasina Return: बांग्लादेश में बढ़ा तनाव, अवामी लीग के लॉकडाउन ऐलान से सीमा तक अलर्ट
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशभर में दो दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया है। पार्टी ने सरकार के सामने 8 मांगें रखी हैं। इनमें अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाने और राजनीतिक बंदियों की रिहाई जैसी मांगें शामिल हैं।
सरकार ने भी स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीमा से लगे इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 108 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन, बॉडी कैमरा और अन्य निगरानी उपकरणों की मदद से सीमावर्ती क्षेत्रों पर नजर रख रही हैं।
7 जिलों में BGB की 108 टुकड़ियां तैनात
शेख हसीना की वापसी की चर्चाओं के बीच सरकार ने सीमा से लगे सात जिलों में BGB की 108 टुकड़ियां तैनात की हैं। पुलिस ने भी इन क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। कई स्थानों पर जांच चौकियां बनाई गई हैं और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
सीमा से लगे करीब 30 जिलों में प्रशासन ने सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील रास्तों और इलाकों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का फोकस किसी भी संभावित हिंसा या कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने पर है।
नवंबर में आगजनी की करीब 100 घटनाएं
सरकारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर में देशभर में आगजनी की करीब 100 घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच ग्रामीण बैंक की शाखाओं को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। 24 नवंबर की आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर से अब तक ग्रामीण बैंक की करीब 100 शाखाओं पर हमले हुए हैं।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अवामी लीग के भविष्य को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को दोबारा राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उस पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा।
पत्रकारों पर कार्रवाई के भी आरोप
अवामी लीग ने सरकार पर विरोध की आवाज दबाने और पत्रकारों को निशाना बनाने के आरोप लगाए हैं। पार्टी की ओर से जारी दावों के मुताबिक, अगस्त 2024 से अक्टूबर 2026 के बीच बड़ी संख्या में पत्रकारों को गिरफ्तारी, हिंसा, मुकदमों और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ा।
पार्टी के मुताबिक, इस अवधि में 84 पत्रकार गिरफ्तार हुए, 118 पर हमले हुए और 1,200 से ज्यादा पत्रकारों की नौकरी चली गई। इसके अलावा 50 से अधिक पत्रकारों के जेल में होने और 200 से ज्यादा वेबसाइट ब्लॉक किए जाने का भी दावा किया गया है।
16 दिसंबर को लौटना चाहती हैं हसीना
इस बीच शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने की तारीख भी बताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह 16 दिसंबर को दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि हसीना ने सरकार से विमान भेजने की मांग की है।
16 दिसंबर बांग्लादेश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में बांग्लादेश ने जीत हासिल की थी और पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना तथा मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। ऐसे में हसीना की प्रस्तावित वापसी की तारीख ने बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच चर्चा और बढ़ा दी है।

