दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की लिस्ट में शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर टॉप पर, मौलाना महमूद मदनी 18वें नंबर पर
दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुस्लिम व्यक्तित्वों की 2027 की सूची जारी हो गई है। जॉर्डन के रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) की ओर से जारी 'द मुस्लिम 500' में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है। इनके साथ सऊदी अरब के किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन को भी पहले स्थान पर रखा गया है।
इस सूची में भारत से जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी टॉप-50 में जगह बनाने वाले इकलौते भारतीय हैं। उन्हें 18वां स्थान मिला है। हालांकि, पिछले साल की सूची में वह 16वें नंबर पर थे। रिपोर्ट में राजनीति, धार्मिक नेतृत्व, सामाजिक प्रभाव और दूसरे क्षेत्रों में सक्रिय प्रभावशाली मुस्लिम हस्तियों को शामिल किया गया है।
पहली बार पांच नेताओं को मिला संयुक्त रूप से पहला स्थान
'द मुस्लिम 500' की रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 की सूची में पहली बार पांच नेताओं को संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रखा गया है। इनमें पाकिस्तान के शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर के अलावा सऊदी अरब के किंग सलमान, मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन शामिल हैं।
रिपोर्ट में पाकिस्तान की इस जोड़ी को शीर्ष स्थान मिलने के पीछे सऊदी अरब और तुर्किये के साथ हुए समझौते को भी एक अहम वजह बताया गया है। इस समझौते के तहत तीनों देशों में से किसी एक पर हमला होने की स्थिति में बाकी दोनों देश उसे अपने ऊपर हमला मानकर सहयोग करेंगे।
गौरतलब है कि 2026 की सूची में शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर टॉप-50 में भी शामिल नहीं थे।
मुजतबा खामेनेई चौथे, तकी उस्मानी सातवें स्थान पर
2027 की सूची में ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को चौथा स्थान दिया गया है। इसके बाद कतर के शेख तमीम बिन हमद अल-थानी पांचवें और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला छठे नंबर पर हैं।
पाकिस्तान के धार्मिक विद्वान मुफ्ती तकी उस्मानी सातवें स्थान पर हैं, जबकि यमन के हूती नेता अब्दुल-मलिक अल-हूती को 17वां स्थान मिला है। अफगानिस्तान के तालिबान सुप्रीम लीडर हैबतुल्लाह अखुंदजादा, सीरिया के अहमद अल-शरा और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी का नाम भी टॉप-50 में शामिल है।
गाजा के डॉक्टर हुसाम अबू सफिया 'मैन ऑफ द ईयर'
रिपोर्ट में गाजा के बच्चों के डॉक्टर हुसाम अबू सफिया को 2027 का 'मैन ऑफ द ईयर' चुना गया है। उन्हें यह सम्मान युद्ध के दौरान मुश्किल हालात में भी मरीजों का इलाज जारी रखने और अस्पताल नहीं छोड़ने के उनके फैसले के लिए दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 27 दिसंबर 2024 को इजराइली सेना ने कमाल अदवान अस्पताल पर कार्रवाई की थी। उस दौरान सफेद कोट पहने डॉक्टर हुसाम अस्पताल से बाहर निकले और वहां मौजूद इजराइली बख्तरबंद वाहनों की ओर बढ़े। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
इससे पहले अस्पताल पर हुए हमले में उनके बेटे इब्राहिम की मौत हो गई थी। इसके बावजूद उन्होंने मरीजों का इलाज जारी रखा। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह करीब दो साल से इजराइली हिरासत में हैं और उनके खिलाफ आरोप या मुकदमे की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
ईरान की छात्रा फातिमा जहरा शेखाबादी 'वुमन ऑफ द ईयर'
2027 की रिपोर्ट में ईरान की छात्रा फातिमा जहरा शेखाबादी को 'वुमन ऑफ द ईयर' चुना गया है। उन्हें यह सम्मान मिनाब शहर के स्कूल पर हुए मिसाइल हमले में बचने और वहां मारे गए बच्चों की कहानी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को फातिमा अपने दोस्तों के साथ स्कूल के मैदान में थीं, तभी वहां मिसाइल हमला हुआ। इस घटना में कई बच्चों और शिक्षकों की मौत हो गई। बच्चों को लेने पहुंचे कुछ अभिभावकों की भी जान चली गई, जबकि फातिमा इस हमले में बच गईं।
बाद में उन्होंने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के सामने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने अपने दोस्तों और शिक्षकों को अपनी आंखों के सामने खो दिया। साथ ही उन्होंने दुनिया के नेताओं से मिनाब के बच्चों की आवाज सुनने की अपील की।
मौलाना महमूद मदनी के अलावा ये भारतीय भी सूची में शामिल
मौलाना महमूद मदनी के अलावा भारत की कई जानी-मानी हस्तियों को भी 'द मुस्लिम 500' की सूची में जगह मिली है। इनमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, उद्योगपति अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन शामिल हैं।
मनोरंजन जगत से अभिनेता शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और अभिनेत्री शबाना आजमी का नाम भी इस सूची में दर्ज है। इसके अलावा संगीतकार एआर रहमान को भी प्रभावशाली मुस्लिम व्यक्तित्वों में शामिल किया गया है।
कौन हैं टॉप-50 में शामिल इकलौते भारतीय मौलाना महमूद मदनी?
मौलाना महमूद मदनी जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस संगठन की स्थापना 1919 में देवबंद के इस्लामी विद्वानों ने की थी। संगठन का ऐतिहासिक रूप से देश में सभी समुदायों के साथ मिलकर रहने और धार्मिक आधार पर अलग राष्ट्रीय पहचान बनाने के विचार का विरोध करने का रुख रहा है।
महमूद मदनी ने 1992 में दारुल उलूम देवबंद से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। उनके दादा हुसैन अहमद मदनी 1957 तक जमीयत के प्रमुख रहे। इसके बाद उनके पिता असद मदनी ने संगठन की जिम्मेदारी संभाली। साल 2006 में पिता के निधन के बाद संगठन में नेतृत्व को लेकर विवाद भी हुआ था।
महमूद मदनी 2001 से 2021 तक संगठन के महासचिव रहे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। रिपोर्ट में अल्पसंख्यकों के अधिकारों, नागरिकता और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता और कानूनी प्रयासों का उल्लेख किया गया है।
शाही संरक्षण में काम करता है RISSC
रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) जॉर्डन का एक शोध संस्थान है, जो इस्लामी दुनिया से जुड़े मुद्दों पर अध्ययन करता है। यह संस्थान 2009 से हर साल 'द मुस्लिम 500' नाम से रिपोर्ट जारी कर रहा है।
इस रिपोर्ट में राजनीति, धर्म, शिक्षा, कारोबार, विज्ञान, मीडिया और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में प्रभाव रखने वाले 500 मुस्लिम व्यक्तित्वों को शामिल किया जाता है। इसका मकसद दुनिया भर में मुस्लिम समाज और इस्लामी दुनिया पर प्रभाव डालने वाली प्रमुख हस्तियों की पहचान करना है।
RISSC, जॉर्डन के रॉयल आल अल-बेत इंस्टीट्यूट फॉर इस्लामिक थॉट से जुड़ा हुआ है। यह संस्थान जॉर्डन के शाही परिवार के संरक्षण में काम करता है।

