बेशर्मी, हमले का जवाब....' तेल टैंकर पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत, UAE ने जताई नाराजगी, हमलावरों को दी कड़ी चेतावनी
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा सैन्य तनाव अब पूरे मध्य पूर्व को अपनी चपेट में लेता दिख रहा है। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पास उसके दो तेल टैंकरों पर क्रूज़ मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए UAE ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
**UAE ने हमले को 'बेहद दुस्साहसी' बताया**
UAE के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर अपने दो तेल टैंकरों पर हुए हमले को "बेहद दुस्साहसी हमला" और अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया है। मंत्रालय के अनुसार, चालक दल के एक सदस्य की जान चली गई है और आठ अन्य घायल हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि UAE को अपने क्षेत्र, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा करने और इस हमले का जवाब देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार है।
**भारतीय क्रू सदस्य की मौत का दावा**
'अल जज़ीरा' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओमान की खाड़ी में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुए हमले में तेल टैंकर 'मोम्बासा' पर तैनात चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई। आठ अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। हालांकि, इस हमले पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
**यमन से सऊदी अरब पर मिसाइलें दागे जाने की खबरें**
इस बीच, क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। खबरों के अनुसार, यमन से सऊदी अरब के आभा हवाई अड्डे की ओर कम से कम छह मिसाइलें दागी गईं। सऊदी अरब के असीर क्षेत्र में कई धमाकों की आवाज भी सुनी गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
**संयुक्त राष्ट्र की शांति की अपील**
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अगर स्थिति और खराब होती है, तो पूरी दुनिया को गंभीर और दूरगामी परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। गुटेरेस ने सभी पक्षों से संयम बरतने, सैन्य टकराव से बचने और बातचीत के जरिए विवाद को सुलझाने की अपील की।

